newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Vastu Tips: इन वास्तु नियमों के अनुसार लगवाएं खिड़की दरवाजे, खुशहाली से भरा रहेगा घर

Vastu Tips: घर में खुशी के प्रवेश के लिए खिड़की और दरवाजे की खास भूमिका होती है। खिड़की-दरवाजे के जरिए ही हवा और रोशनी घर में प्रवेश करती है। इसलिए घर में दरवाजे और खिड़कियों का सही दिशा और सही स्‍थान पर होना बहुत आवश्यक होता है।

नई दिल्ली। घर में लगी खिड़की और दरवाजा घर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। घर से हमारे किसी प्रिय के आने की संभावना होती है तो वहीं, खिड़की से हम अपने किसी प्रिय की झलक देख सकते हैं। खिड़की को केंद्रित करते हुए बॉलीवुड ने तो कई गाने तक बना डाले हैं। इन सबके अलावा, वास्‍तु के अनुसार भी इसका काफी महत्व होता है। घर में खुशी के प्रवेश के लिए खिड़की और दरवाजे की खास भूमिका होती है। खिड़की-दरवाजे के जरिए ही हवा और रोशनी घर में प्रवेश करती है। इसलिए घर में दरवाजे और खिड़कियों का सही दिशा और सही स्‍थान पर होना बहुत आवश्यक होता है। इससे घर में सकारात्‍मक ऊर्जा के प्रवाह में काफी मदद मिलती है। तो आइए जानते हैं वास्तु के अनुसार,  खिड़की और दरवाजे लगवाने की सही दिशा क्या है?

1.वास्‍तु में सकारात्मक ऊर्जा के प्रवाह के लिए उत्‍तर, पूर्व और उत्‍तर-पूर्व दिशा सबसे अच्‍छी मानी जाती है। लेकिन खिड़की और दरवाजे लगवाते समय इस बात का खास ध्‍यान रखें कि घर की दक्षिण और पश्चिम दिशा में बड़ी खिड़कियां न बनवाएं और अगर बनवाएं भी तो उनके ऊपर बड़े-बड़े डार्क कलर के पर्दे लगा दें। कहा जाता है कि दक्षिण और पश्चिम दिशा से घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है और इसे दूर रखने के लिए इस दिशा में पर्दे लगाने चाहिए। इसके अलावा सूर्य के दक्षिण और पश्चिम में दिशा में पहुंचने पर उससे हानिकारक इन्‍फ्रारेड किरणें पैदा होती हैं, पर्दे उन्हें भी घर में प्रवेश करने से रोकते हैं।

2.वास्‍तु में बताए नियमों के अनुसार, वर्गाकार या आयताकार की खिड़कियां सबसे अच्‍छी मानी जाती हैं। फैशन के चलते यूनीक डिजायन या फिर क्रिएटिविटी के नाम पर किसी अन्‍य आकार की खिड़कियां बनवाने से बचें।

3.वास्‍तु के अनुसार, घर में खिड़की और दरवाजों की संख्‍या हमेशा ईवन यानी सम होनी चाहिए। अगर आप घर के किसी स्‍थान पर एक दरवाजा लकड़ी का और उसके साथ ही एक जाली वाला दरवाजा लगवाते हैं, तो इसे एक ही दरवाजा माना जाएगा।

4.दरवाजों की ऊंचाई औसत अनुपात में होनी चाहिए ताकि इनसे होकर किसी को आने जाने में कोई परेशानी न हो।

5.अगर आप एक कमरे की दो दीवारों पर दरवाजे बनवा रहे हैं तो इस बात का ध्‍यान रखें कि ये आमने-सामने होने चाहिए। इससे सकारात्‍मक ऊर्जा के प्रवाह में किसी तरह की बाधा नहीं आती।

6.ध्यान रखें, दरवाजे दाईं हाथ की ओर ही खुलने चाहिए।

7.घर में स्‍लाइडर लगवाते समय उसमें से किसी तरह की आवाज नहीं आनी चाहिए।

8.दरवाजे के पास आप मां लक्ष्‍मी के चरण पादुका और शुभ लाभ लगाना काफी शुभ होता है।

9.घर की उत्‍तर और पूर्व दिशा में लगे हुए सभी खिड़की और दरवाजों पर हल्‍के रंग के पर्दे डालने चाहिए। ताकि सूर्य का प्रकाश और पॉजिटिव एनर्जी आसानी से आपके घर में प्रवेश कर सके।

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। Newsroompost इसकी पुष्टि नहीं करता है।