newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Omicron: देश में 501 हुए नए वैरिएंट के मरीज, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की ये खबर सुनकर आप खुश हो जाएंगे

देश में ओमिक्रॉन के मरीजों की तादाद बढ़कर 501 हो गई है। केरल में 19, तेलंगाना में 3, आंध्र प्रदेश में 2, हिमाचल में 1, चंडीगढ़ में 2, मध्यप्रदेश में 9 और ओडिशा में इस वैरिएंट के 4 और मरीज मिले हैं। अच्छी खबर ये है कि जिस दक्षिण अफ्रीका में सबसे पहले ओमिक्रॉन मरीज मिला था, वहां अब इसकी रफ्तार तेजी से कम हो रही है।

नई दिल्ली। देश में ओमिक्रॉन के मरीजों की तादाद बढ़कर 501 हो गई है। केरल में 19, तेलंगाना में 3, आंध्र प्रदेश में 2, हिमाचल में 1, चंडीगढ़ में 2, मध्यप्रदेश में 9 और ओडिशा में इस वैरिएंट के 4 और मरीज मिले हैं। ये तो रही बुरी खबर। अब अच्छी खबर ये है कि जिस दक्षिण अफ्रीका में सबसे पहले ओमिक्रॉन मरीज मिला था, वहां अब इसकी रफ्तार तेजी से कम हो रही है। पहले बात कर लेते हैं भारत में ओमिक्रॉन मरीजों की। सबसे ज्यादा 141 मरीज महाराष्ट्र में अब तक मिले हैं। इनमें 42 ठीक हो चुके हैं। दिल्ली में 79 मरीजों में से 23 ठीक हुए हैं। केरल में 57 मरीज में से 1 ठीक हुआ। वहीं, तेलंगाना में 44 कुल मरीज हैं। इनमें से 10 ठीक होकर घर जा चुके। गुजरात में कुल मरीज 43 और ठीक होने वाले 10 हैं। तमिलनाडु में 34 मरीज अभी हैं। कर्नाटक में कुल 31 में से 15 मरीज ठीक हुए हैं। राजस्थान में 22 में से 19, हरियाणा में 10 में 2, मध्यप्रदेश में 9 में से 7 मरीज ठीक हुए हैं।

ओडिशा में ओमिक्रॉन के कुल 8 मरीज हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल में इस वैरिएंट के 6 मरीज अब तक मिले हैं और इनमें से 1 ठीक हो चुका है। आंध्र प्रदेश में कुल 6 मरीज मिले। इनमें से 5 का इलाज जारी है। जम्मू-कश्मीर में 3 मरीज थे और वे ठीक होकर घर जा चुके हैं। चंडीगढ़ में अभी 3 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, यूपी में 2 मरीज ठीक हो चुके हैं। लद्दाख में 1 मरीज ठीक हुआ है। उत्तराखंड और हिमाचल में 1-1 ओमिक्रॉन मरीज हैं और इनका इलाज अभी जारी है। उधर, महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के जवाहर नवोदय स्कूल में कोरोना के मरीजों की तादाद बढ़कर 51 हो गई है। यहां कुछ दिन पहले 19 छात्र संक्रमित पाए गए थे। कुल संक्रमित छात्र अब 48 हो चुके हैं।

britain corona

उधर, एक अखबार ने ओमिक्रॉन पर नजर रख रहे स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अफसर के हवाले से अच्छी खबर दी है। इस अफसर ने अखबार को बताया कि दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पहचान 24 नवंबर को हुई थी और तीन हफ्ते में संक्रमण दर पीक पर पहुंचने के बाद अब इसमें गिरावट आ रही है। पहले दक्षिण अफ्रीका में हर रोज कोरोना के 1300 मामले आ रहे थे। 12 दिसंबर से हर रोज 37000 केस मिलने लगे। अब वहां हर रोज 14000 केस मिल रहे हैं। इस अफसर ने ऐसे में उम्मीद जताई है कि ओमिक्रॉन के मरीज आने वाले दिनों में बड़ी तादाद में मिल सकते हैं, लेकिन इस वैरिएंट की लहर काफी छोटी होने की उम्मीद है। बता दें कि ओमिक्रॉन से अब तक दुनियाभर में बहुत कम लोगों ने जान गंवाई है। जबकि, डेल्टा वैरिएंट की वजह से दुनिया में लाखों लोगों की मौत हो चुकी है।