newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Corona: मुंबई और दिल्ली बने कोरोना के Hotbeds, देश में Omicron से हुई एक की मौत

देश की व्यापारिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई और राजधानी दिल्ली कोरोना के सबसे बड़े केंद्र बनते दिख रहे हैं। दोनों ही जगह कोरोना के हजारों मरीज हर रोज मिल रहे हैं। इनमें ओमिक्रॉन मरीज भी हैं। ओमिक्रॉन के एक मरीज की राजस्थान में मौत हो गई।

नई दिल्ली। देश की व्यापारिक राजधानी कही जाने वाली मुंबई और राजधानी दिल्ली कोरोना के सबसे बड़े केंद्र बनते दिख रहे हैं। दोनों ही जगह कोरोना के हजारों मरीज हर रोज मिल रहे हैं। इनमें ओमिक्रॉन मरीज भी हैं। ओमिक्रॉन के एक मरीज की राजस्थान में मौत हो गई। देश में कोरोना के इस वैरिएंट से जान गंवाने वाला एक बुजुर्ग है। पहले बात करते हैं मुंबई की। यहां बुधवार रात तक 15166 कोरोना के नए मरीज मिले। मुंबई में कल 714 मरीज ठीक हुए और 3 मरीजों की जान गई। महानगर में इस समय एक्टिव केस 61923 हो गए हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि पूरे राज्य में मंगलवार को 16000 से ज्यादा मरीज मिले थे और बुधवार को ये संख्या 25000 हो गई।

उधर, राजधानी दिल्ली में बुधवार रात तक कोरोना के 10665 नए मरीज मिले। यहां एक्टिव कोरोना केस की संख्या 23307 हो गई है। शहर में संक्रमण की दर भी 11.88 फीसदी पर पहुंच गई है। ये दर पिछले 7 महीने में सबसे ज्यादा है। बुधवार को ही दिल्ली में 8 मरीजों की मौत हुई। इससे पहले 26 जून को 9 मरीजों ने एक दिन में जान गंवाई थी। इस तरह अब मौतों का आंकड़ा भी बढ़ता दिख रहा है। दिल्ली सरकार ने पहले कहा था कि वो हालात के मुताबिक प्रतिबंध के बारे में फैसले लेगी, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है। सिर्फ वीकेंड कर्फ्यू और नाइट कर्फ्यू ही दिल्ली में जारी है।

corona virus

बात करें ओमिक्रॉन के केस की, तो भारत में कोरोना के इस नए वैरिएंट के मरीज भी अब तेजी से बढ़ रहे हैं। बुधवार तक 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 2135 ओमिक्रॉन मरीज हो गए थे। इनमें से 828 ठीक हो चुके हैं। ओमिक्रॉन से देश में पहली मौत एक बुजुर्ग की हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक राजस्थान की राजधानी जयपुर में ओमिक्रॉन संक्रमित 72 साल के व्यक्ति की जान चली गई। सरकार के मुताबिक मरीज को पहले से ही काफी डायबिटीज और अन्य बीमारियां थीं। उनका इलाज प्रोटोकॉल के मुताबिक चल रहा था। मरीज की मौत के बाद आई रिपोर्ट से पता चला कि उन्हें ओमिक्रॉन ने गिरफ्त में लिया था। इस वजह से उनकी मौत को ओमिक्रॉन से हुई मौत ही माना जाएगा।