newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली में करावल नगर विधानसभा क्षेत्र से केजरीवाल के अरमानों पर फिर सकता है पानी

अरविंद केजरीवाल के मंत्रिमंडल में शामिल रहे मिश्रा ने न केवल अपनी ही पार्टी के खिलाफ विद्रोह किया, बल्कि भाजपा की तारीफों के पुल भी बांधे। उन्होंने कहा कि वह मोदी के कार्यों से प्रभावित हुए हैं।

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आठ फरवरी को मतदान होना है। इस बार उत्तर पूर्वी दिल्ली के करावल नगर विधानसभा क्षेत्र पर सभी की नजरें टिकी होंगी, जोकि आम आदमी पार्टी (आप) के बागी और फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कपिल मिश्रा का गढ़ है। इस निर्वाचन क्षेत्र में 2,81,331 मतदाता हैं, जिनमें 1,57,726 पुरुष और 1,23,593 महिला मतदाता हैं। निर्वाचन क्षेत्र का लिंगानुपात 784 है।

Kapil Mishra Kejriwal

शहीद भगत सिंह कॉलोनी, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल, दयालपुर और सोनिया विहार इस विधानसभा क्षेत्र के नजदीकी क्षेत्र हैं। 2013 के विधानसभा चुनाव में करावल नगर में भाजपा और आप के बीच कांटे की लड़ाई देखी गई थी, जहां भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट ने नवगठित राजनीतिक दल आप के उम्मीदवार को करीब तीन हजार वोटों से हरा दिया था। इसके बाद 2015 के चुनाव में आप के कपिल मिश्रा ने बिष्ट को हरा दिया।

KAPIL MISHRA
इसके बाद से स्थिति काफी बदल चुकी है। अरविंद केजरीवाल के मंत्रिमंडल में शामिल रहे मिश्रा ने न केवल अपनी ही पार्टी के खिलाफ विद्रोह किया, बल्कि भाजपा की तारीफों के पुल भी बांधे। उन्होंने कहा कि वह मोदी के कार्यों से प्रभावित हुए हैं।

kejriwal sad
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने एक अन्य आप नेता सौरभ भारद्वाज की याचिका के आधार पर दलबदल विरोधी कानून के तहत मिश्रा को अयोग्य ठहरा दिया। वह आखिरकार पिछले साल भाजपा में शामिल हो गए और उन्हें इस चुनाव में भाजपा द्वारा इसी निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतराने की उम्मीद है।