newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Chandrayaan- 3: आज होगी चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग, सुपरस्टार अक्षय कुमार ने दी ISRO की टीम को बधाई

Chandrayaan- 3: चांद पर अपना राष्ट्रिय ध्वज पहुंचाने वाला चौथा देश बनेगा भारत और इसके साथ ही चांद के दक्षिणी ध्रुव के करीब पहुंचने वाला पहला देश भी भारत ही होगा।

नई दिल्ली। भारत का महत्वाकांक्षी चंद्रयान- 3 आज लॉन्चिंग को पूरी तरह से तैयार है। चंद्रयान-3 आज यानि शुक्रवार को दोपहर 2:35 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से  लॉन्च किया जाएगा। ये चंद्रयान 24-25 अगस्त को चांद की सतह पर उतरेगा। इसके बाद अगले 14 दिनों तक ये रोवर लैंडर के चारों ओर 360 डिग्री में घूमेगा और कई महत्वपूर्ण परीक्षण करेगा। रोवर के चलने से चन्द्रमा की सतह पर इसके पहिए के जो निशान बनेंगे इसकी तस्वीर भी ये भेजेगा। चंद्रयान-3 को लेकर देशवाशियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार ने भी ISRO को चंद्रयान- 3 के लिए बधाई दी है।

अक्षय कुमार ने इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए ट्वीट कर लिखा- ‘उठने का समय आ गया है! हमारे सभी वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। चंद्रयान3 की सफलता के लिए करोड़ों दिल प्राथर्ना कर रहे हैं।’ अक्षय ने ये ट्वीट 2019 में किए अपने एक ट्वीट पर रीट्वीट करते हुए लिखा है।

दरअसल साल 2019 में 6 सितंबर के दिन चंद्रयान-2 की क्रैश लैंडिंग के बाद 7 सितंबर 2019 को अक्षय ने ट्वीट कर लिखा था- ‘प्रयोग के बिना कोई विज्ञान नहीं है…कभी-कभी हम सफल होते हैं, कभी-कभी हम सीखते हैं। इसरो के प्रतिभाशाली दिमागों को सलाम। हमें गर्व और विश्वास है कि #Chandrayaan2 जल्द ही #Chandrayaan3 के लिए रास्ता बनाएगा। हम फिर उठ खड़े होंगे।’ जिसके बाद आज चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग की कामना करते हुए अक्षय कुमार ने इसरो की पूरी टीम को बधाई दी है।

आपको बता दें कि चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग से पहले ISRO के चेयरमैन इसकी सफलता की कामना करने के लिए तिरूपति वेंकटचलापति मंदिर पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने पूजा की। वैज्ञानिक अपने साथ चंद्रयान-3 का मिनिएचर मॉडल भी मंदिर में लेकर गए और इसकी सफल लॉन्चिंग के लिए भगवान का आशीर्वाद लिया।

चांद पर अपना राष्ट्रिय ध्वज पहुंचाने वाला चौथा देश बनेगा भारत और इसके साथ ही चांद के दक्षिणी ध्रुव के करीब पहुंचने वाला पहला देश भी भारत ही होगा।