
मुंबई। एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने वाला गिरफ्तार हो गया है। मुंबई पुलिस ने उसे ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट के पास लेबर कैंप से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम मोहम्मद आलियान उर्फ बीजे है। वो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। गिरफ्तार होने के बाद उसने पुलिस को अपना नाम विजय दास बताया था। पुलिस की एक टीम ने सैफ अली खान के हमलावर को झाड़ियों में सोते वक्त पकड़ा। सैफ अली खान पर हमला करने वाले मोहम्मद आलियान को खार पुलिस स्टेशन में रखा गया है। आज उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। मोहम्मद आलियान से पुलिस ये जानना चाहती है कि सैफ अली खान के घर वो कैसे घुसा और वहां से फरार किस तरह हुआ। साथ ही सैफ के घर में घुसने का कारण भी मुंबई पुलिस मोहम्मद आलियान से पूछ रही है।
#WATCH | Mumbai, Maharashtra | Saif Ali Khan attack case | The arrested accused has been kept in detention at Khar Police Station. Visuals from outside the police station. pic.twitter.com/J1rMYhjUbD
— ANI (@ANI) January 19, 2025
सैफ अली खान पर हमले से बॉलीवुड के साथ मुंबई में भी सनसनी थी। अनजान शख्स सैफ जैसे एक्टर के घर घुस गया और किसी को पता तक नहीं चला कि चर्चा तेज थी। सैफ अली खान के घर की महिला कर्मचारी ने पुलिस को बताया था कि हमलावर उससे बहस कर रहा था। उसी वक्त सैफ वहां पहुंच गए और उसे चुनौती दी। दोनों गुत्थमगुत्था हुए। जिसके बाद मोहम्मद आलियान ने सैफ पर चाकू से कई वार कर दिए। पूछताछ में ये बात भी सामने आई थी कि हमलावर 1 करोड़ रुपए की मांग कर रहा था। सैफ के घर हमले से पहले और बाद का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। इसमें हमलावर एक बैग लिए दिखा था। वो गहरे रंग की टी-शर्ट और अंगोछा लिए था। सैफ पर हमले से पहले उसका चेहरा अंगोछे से ढका था। जबकि, हमले के बाद उसका चेहरा खुला हुआ था। जिसके बाद मुंबई पुलिस ने हमलावर की फोटो निकालकर उसे शहर में जगह-जगह चस्पा कराया था।
मुंबई पुलिस ने मोहम्मद आलियान से पहले दो और लोगों को संदिग्ध होने के शक में हिरासत में लिया था। वहीं, छत्तीसगढ़ के दुर्ग से भी एक व्यक्ति ट्रेन से पकड़ा गया था। मुंबई में हिरासत में लिए गए दोनों लोगों को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया था। वहीं, दुर्ग में हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ पहुंची थी। अब मोहम्मद आलियान के गिरफ्तार होने के बाद सैफ अली खान पर हुए जानलेवा हमले की सभी गुत्थियां सुलझने के आसार हैं। हालांकि, इस घटना ने साबित किया है कि मुंबई के उन अपार्टमेंट्स में सुरक्षा में कई खामियां हैं। जिनमें नामचीन लोग रहते हैं।