Pratyusha Banerjee: इस फेमस प्रोड्यूसर के साथ सीक्रेट रिलेशनशिप में थीं प्रत्युषा! छोटे से करियर में किया इतना शानदार काम

Pratyusha Banerjee: प्रत्युषा 2010 में जमशेदपुर छोड़कर एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाने मायानगरी मुंबई आई थीं और वो सफल भी रहीं। प्रत्युषा ने ‘रक्त संबंध’ से अपना डेब्यू किया था। इसके बाद वो पॉपुलर टीवी सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में भी नजर आईं।

Avatar Written by: August 10, 2022 11:39 am

नई दिल्ली। छोटे पर्दे के लोकप्रिय धारावाहिक ‘बालिका वधू’ से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी की आज यानि कि 10 अगस्त को बर्थ एनिवर्सरी है। अगर प्रत्युषा आज इस दुनिया में होतीं तो अपना 30वां जन्मदिन मना रही होतीं लेकिन एक्ट्रेस ने महज 24 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहकर हर किसी को हैरत में डाल दिया था। 10 अगस्त 1991 को झारखंड के जमशेदपुर में जन्मी प्रत्युषा को आज भी लोग आनंदी के नाम से जानते हैं। एक्ट्रेस ने अपने छोटे से करियर के दौरान कई शानदार टीवी सीरियल और रियलिटी शोज करके इंडस्ट्री में अपनी एक खास पहचान बनाई थी।

महज छह साल के करियर में किया शानदार काम

प्रत्युषा 2010 में जमशेदपुर छोड़कर एक्टिंग में अपनी किस्मत आजमाने मायानगरी मुंबई आई थीं और वो सफल भी रहीं। प्रत्युषा ने ‘रक्त संबंध’ से अपना डेब्यू किया था। इसके बाद वो पॉपुलर टीवी सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में भी नजर आईं लेकिन प्रत्युषा को असली पहचान ‘बालिका वधू’ ने दिलाई। आनंदी के रूप में प्रत्युषा को लोगों ने खूब प्यार दिया। इसके बाद प्रत्युषा ‘बिग बॉस’, ‘प्यार तूने क्या किया’, ‘सावधान इंडिया’, ‘स्वरागिनी’, जैसे धारिवाहिकों में भी जबरदस्त एक्टिंग करती नजर आईं। एक्ट्रेस ने अपने छोटे से करियर में भी बेहद शानदार काम किया।

निजी जिंदगी में रही उथल-पुथल

हालांकि, एक्ट्रेस का निजी जीवन काफी उथल-पुथल भरा रहा। प्रत्युषा व्यापारी मकरंद मल्होत्रा से ब्रेकअप करने के बाद साल 2015 में अभिनेता और निर्माता राहुल राज सिंह के साथ रिलेशनशिप में आईं। हालांकि, कुछ लोग प्रत्युषा के इस रिश्ते को उनके जीवन की सबसे बड़ी गलती भी मानते हैं। आपको बता दें कि प्रत्युषा राहुल से बेहद प्यार करती थीं और उनसे शादी करना चाहती थीं। प्रत्युषा और राहुल एक साथ रियलिटी शो ‘पावर कपल’ में भी नजर आए थे लेकिन जब प्रत्युषा ने आत्महत्या की तो अभिनेत्री के माता-पिता और दोस्तों ने राहुल पर प्रत्युषा को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।

विकास गुप्ता संग भी रहा रिश्ता

फेमस प्रोड्यूसर और टीवी पर्सनैलिटी विकास गुप्ता के साथ भी प्रत्युषा बनर्जी का रिश्ता रहा था। जब प्रत्युषा और विकास के रिश्ते की खबर मीडिया में आई तो लोगों ने इसे महज एक अफवाह करार दिया लेकिन साल 2021 में एक इंटरव्यू के दौरान विकास गुप्ता ने प्रत्युषा के साथ अपने रिश्ते की बात को खुद कबूल किया था। विकास ने बताया कि जिन भी लड़कियों के साथ उनका रिश्ता रहा है उनमे से एक प्रत्युषा बनर्जी भी थीं। हालांकि, कुछ ही दिनों में दोनों का ब्रेकअप हो गया था क्योंकि कई लोगों ने प्रत्युषा को विकास के लिए भड़का दिया था।

Latest