
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस के 40 पेज के घोषणापत्र में कहा गया है कि सरकार बनने पर हरियाणा के लोगों को 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। साथ ही महिलाओं को हर महीने 2000 रुपए देने की बात भी कांग्रेस ने कही है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने वादा किया है कि वो सभी के लिए गुणवत्ता वाली शिक्षा की व्यवस्था करेगी। साथ ही युवाओं को रोजगार, किसान आयोग बनाने और सरकार बनने पर एमएसपी की गारंटी देने की बात भी कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कही है।
हमारा मेनिफेस्टो बहुत ही मेहनत के साथ बना है।
मैं मेनिफेस्टो कमेटी की चेयरपर्सन गीता भुक्कल जी समेत सभी साथियों को बधाई देता हूं।
हमने मेनिफेस्टो बनाते समय काफी बातों का ख्याल रखा है और इसके लिए मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं।
: CLP लीडर श्री @BhupinderShooda pic.twitter.com/iHBty95QMI
— Congress (@INCIndia) September 28, 2024
कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कहा है कि हरियाणा में सरकार बनने पर राज्य के वंचितों को 100 वर्ग गज का प्लॉट दिया जाएगा। कांग्रेस ने कहा है कि एक विभाग बनाया जाएगा, जो युवाओं के पलायन को रोकने का काम करेगा। हरियाणा में कांग्रेस ने सरकार बनाने पर अल्पसंख्यक आयोग बनाने का वादा भी अपने घोषणापत्र में किया है। इसके अलावा खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए मजबूत खेल नीति बनाने की बात भी कांग्रेस ने कही है। कांग्रेस ने घोषणापत्र में कहा है कि हरियाणा के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल नीति बनेगी। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में ये दावा भी किया है कि हरियाणा में उसकी पिछली सरकार ने अपने सभी वादे पूरे किए थे।
मैं कल पत्रकारों से बातचीत कर रहा था। तब एक मुद्दा उठा था कि राजस्थान में पत्रकारों के लिए कई सुविधाएं कांग्रेस सरकार ने तय की थीं।
लेकिन आपको जानकर खुशी होगी कि हरियाणा में भी पत्रकारों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और पेंशन वृद्धि का मुद्दा शामिल है।
हमारा मेनिफेस्टो… pic.twitter.com/qIeMmnz9iz
— Congress (@INCIndia) September 28, 2024
कांग्रेस अभी हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना की सत्ता पर काबिज है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव जीतकर उसका लक्ष्य यहां भी सत्ता हासिल करना है। कांग्रेस के लिए हरियाणा में जीत दर्ज करना इसलिए अहम है, क्योंकि राज्य में बीते 10 साल से बीजेपी की सरकार सत्ता में है। बीजेपी भी यहां तीसरी बार अपनी सरकार बनाने के लिए दम लगा रही है। अब देखना है कि कांग्रेस के घोषणापत्र के जवाब में बीजेपी अपने घोषणापत्र में क्या सुविधाएं देने का वादा हरियाणा की जनता से करती है।