newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कोरोनावायरस : महाराष्ट्र में अबतक 8 पुलिसकर्मियों की मौत, प्रदेश में 1007 पुलिसकर्मी हो चुके हैं संक्रमित

महाराष्ट्र में सिवड़ी पुलिस स्टेशन के एक 57 वर्षीय पुलिसकर्मी ने बुधवार सुबह तड़के कोरोनावायरस से दम तोड़ दिया। इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।

मुंबई। महाराष्ट्र में सिवड़ी पुलिस स्टेशन के एक 57 वर्षीय पुलिसकर्मी ने बुधवार सुबह तड़के कोरोनावायरस से दम तोड़ दिया। इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी बुधवार को दी।

अधिकारियों के अनुसार, राज्य में कोरोनावायरस से अब तक आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है, जिसमें अकेले मुंबई में पांच मौतें शामिल हैं। सिवड़ी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जी. बी. कुराडे के अनुसार, सहायक उप-निरीक्षक मुरलीधर वाघमारे ने मंगलवार देर रात नवी मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।

Jammu Kashmir Corona icon
पिछले हफ्ते राज्य पुलिस के फैसले के बाद 55 साल से अधिक उम्र के सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया गया, क्योंकि वे कोरोनावायरस की चपेट में आ सकते थे। वाघमारे को घर पर रहने के लिए कहा गया था। वाघमारे कथित रूप से उच्च रक्तचाप से पीड़ित थे और वह वायरस चपेट में आ गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

वाघमारे के अलावा, चार अन्य पुलिसकर्मी, जिनकी उम्र 50 साल से अधिक है, ने मुंबई में पिछले दो हफ्तों में कोरोनावायरस के शिकार हो चुके हैं। बाकी अन्य मृत तीन पुलिसकर्मी पुणे, नासिक और सोलापुर से हैं। राज्य में 1000 से अधिक पुलिकर्मी कोरोनापॉजिटिव हैं, जिनमें 106 अधिकारी शामिल हैं। सभी का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से 400 मामले मुंबई से हैं। इसके अलावा राज्य में सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मियों को एहतियात के तौर पर क्वोरंटीन में रखा गया है।