newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Punjab: ‘क्या नहीं किया पार्टी के लिए, लेकिन बदले में क्या मिला, सिर्फ धोखा’, भगवंत सरकार पर भड़के ‘AAP’ कार्यकर्ता

Punjab: दरअसल, आम आदमी पार्टी सरकार में एकमात्र महिला मंत्री डॉक्टर बलजीत कौर के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि आज की तारीख में महिला मंत्री हमसे बात तक करने को तैयार नहीं हो रही हैं।

नई दिल्ली। बेशक, आम आदमी पार्टी पंजाब में अपनी सरकार बनाने में सफल रही हो, लेकिन पार्टी की दुश्वारियां कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। शायद ही कोई दिन ऐसा जाता होगा, जब सूबे की जनता किसी न किसी मसले को लेकर सीएम मान के घर के बाहर धरना न देती हो और अब तो पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी ने हमारे साथ छलावा किया है। हम इतने वर्षों से पंजाब में पार्टी के लिए जड़े जमाने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन हमें इसके एवज में सिर्फ और सिर्फ धोखा ही मिला है। आलम यह है कि चयनित विधायक भी हमसे वार्ता करने से गुरेज कर रहे हैं। उधर, कार्यकर्ताओं की नाराजगी की संजीदगी को भांपते हुए पार्टी के कर्ताधर्ता इसे दूर करने की कोशिश करने में जुट गए हैं। चलिए, आपको पूरा माजरा तफसील से बताते हैं।

प्रदर्शन के दौरान घर पहुंची मंत्री डॉ. बलजीत कौर

जानिए पूरा माजरा

दरअसल, आम आदमी पार्टी सरकार में एकमात्र महिला मंत्री डॉक्टर बलजीत कौर के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि आज की तारीख में महिला मंत्री हमसे बात तक करने को तैयार नहीं हो रही हैं। अगर हम उन्हें फोन करते हैं, तो उनके पीए उठाते हैं और पीए की मजाल हो कि वो मंत्री साहिबान को फोन देने की जहमत उठाए। जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं की कोई कद्र नहीं है। वहीं,  महिला मंत्री के इस रवैये से खफा पार्टी कार्यकर्ताओं ने महिला मंत्री के आवास के बाहर धरना दिया और यह जानने का प्रयास किया कि आखिर उनका ऐसा रवैया कब तक जारी रहेगा। बता दें कि धरने पर बैठे हर एक कार्यकर्ताओं ने महिला मंत्री के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की है। कार्यकर्ताओं  ने कहा कि बेमानी देखिए की कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जा रही है। अकाली दल के नेता मंत्री पद पर काबिज हो रहे हैं, लेकिन पार्टी के हित की दिशा में दिन-रात परिश्रम करने वाले कार्यकर्ताओं की बात तक सुनी नहीं जा रही है।

 

उधर, जैसे ही कार्यकर्ताओं की शिकायत से महिला मंत्री अवगत हुईं, तो उन्होंने यह आश्वासन दिलाया कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता मेरे परिवार के सदस्य की भांति हैं। अगर किसी भी कार्यकर्ता को मेरे प्रति कोई भी शिकायत है, तो वो मुझे से निजी तौर पर आकर मुखातिब हो सकते हैं। हम मिलकर उस मसले पर वार्ता करेंगे, जिसे लेकर विवाद हो   और कोशिश करेंगे कि उसका समाधान किया जाए और यदि   किसी के बीच कोई भी गलतफहमी हो तो उसे दूर किया जाए। बता दें कि जब से आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में बनी है, तब से किसी न किसी मसले को लेकर नवनिर्चावित सरकार को विवादों का सामना करना पड़ रहा है। जिससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि पार्टी में  स्थिति कुछ ठीक नहीं है, लेकिन अब ऐसी स्थिति में इन पूरे मसलों का आगामी दिनों में पार्टी की स्थिति पर क्या कुछ असर पड़ता है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।