Video: लखनऊ में फायरिंग के मामले पर सीएम योगी पर निशाना साधकर फंसे अखिलेश, गिरफ्तार आरोपी निकला उनकी ही पार्टी का नेता

Video: जिस वीडियो को अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोलने के लिए इस्तेमाल किया, वो वीडियो उनके लिए फजीहत बन गया है। दरअसल, बीच सड़क पर हर्ष फायरिंग करने वाला शख्स और कोई नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी का जिला सचिव नीरज सिंह है।

Avatar Written by: April 9, 2022 9:36 am

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सरेआम कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। राजधानी से देर रात युवकों के बीच सड़क पर उत्पात मचाने का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो एक बर्थडे पार्टी का है, जिसमें बीच सड़क पर कुछ युवकों ने हर्ष फायरिंग कर रहे हैं। बर्थडे पार्टी मना रहे लोगों ने फायरिंग का वीडियो बना लिया। फायरिंग का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस इस मामले को संज्ञान में लेते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस वीडियो को शेयर कर योगी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा था।

हैरानी वाली बात है जिस वीडियो को अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोलने के लिए इस्तेमाल किया, वो वीडियो उनके लिए फजीहत बन गया है। दरअसल, बीच सड़क पर हर्ष फायरिंग करने वाला शख्स और कोई नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी का जिला सचिव नीरज सिंह है।


वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार देर रात पुलिस ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव नीरज सिंह और बर्थड बॉय मनीष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से वह रिवॉल्वर भी बरामद कर ली है, जिससे फायरिंग की गई थी। पुलिस वीडियो में नजर आ रहे बाकी आरोपियों की भी तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 7 अप्रैल का है। कई दर्जनभर युवक लखनऊ के सुशांत गोल्फ थाना क्षेत्र के अंतर्गत माल के पास पहुंचकर जश्न मना रहे थे। सुशांत गोल्फ थाना अध्यक्ष ने बताया कि वहां बर्थडे पार्टी का सेलिब्रेशन किया जा रहा था। इसी दौरान फायरिंग की गई। एसएचओ ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और धारा 144 लागू होने के बाद आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। हर्ष फायरिंग के तहत भी मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

Latest