newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Amarnath Yatra: कोरोना के चलते इस साल नहीं होगी अमरनाथ यात्रा, ऑनलाइन होंगे हिमलिंग के दर्शन

Amarnath Yatra: बता दें कि इस साल अमरनाथ यात्रा को कोरोना महामारी के चलते रद्द कर दिया गया है। अमरनाथ के भक्तों को अगले साल तक का इंतजार करना पड़ सकता है

नई दिल्ली। कोरोना महामारी का असर अमरनाथ यात्रा पर भी देखने को मिला है। बता दें कि इस साल अमरनाथ यात्रा को कोरोना महामारी के चलते रद्द कर दिया गया है। अमरनाथ के भक्तों को अगले साल तक का इंतजार करना पड़ सकता है। वहीं भक्तों को यात्रा रद्द होने के बाद एक सुविधा मिलेगी कि, वो बाबा बर्फानी के ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे। बता दें कि कोरोना वायरस से संक्रमण की रफ्तार और उससे पैदा हुए संकट को देखते हुए जम्मू कश्मीर प्रशासन ने इस साल अमरनाथ यात्रा रद्द करने का फैसला किया है। इस यात्रा को रद्द करने का ऐलान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कर दिया है। वहीं भक्तों की सुविधा के लिए जम्मू कश्मीर प्रशासन ने जानकारी दी है कि, हिमलिंग के दर्शन की ऑनलाइन व्यवस्था की जाएगी। जिसके चलते श्रद्धालु अपने घर पर ही बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे।

Manoj Sinha angry

 

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि कोरोना को देखते हुए इस साल अमरनाथ यात्रा रद्द करने का फैसला जनता के व्यापक हित में लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अमरनाथ यात्रा इसबार प्रतीकात्मक होगी। गुफा में होने वाली सभी पारंपरिक रस्में पहले की तरह पूरी की जाएंगी। उपराज्यपाल ने कहा कि लोगों का जीवन बचाना भी महत्वपूर्ण है।

वहीं श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की तरफ से जानकारी दी गई है कि, जम्मू-कश्मीर सरकार ने श्री अमरनाथ जी यात्रा रद्द करने का फैसला किया है। पवित्र गुफा में सभी पारंपरिक धार्मिक कर्मकांड पहले की तरह ही किए जाएंगे। बोर्ड ने कहा है कि, दुनियाभर में भक्तों के लिए  श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था करेगा।