Chhath Puja : छठ पूजा से पहले यमुना की गंदगी पर दिल्ली की राजनीति में मचा बवाल, मनोज तिवारी ने लगाए केजरीवाल पर झूठे वादे के आरोप

Manoj Tiwari : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर सांसद मनोज तिवारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें तिवारी ने कहा कि आज जब भाजपा नेता कालिंदी घाट पहुंचे तो वहां झाग को छिपाने के लिए जहरीला रसायन का छिड़काव किया जा रहा था।

Avatar Written by: October 28, 2022 4:18 pm

नई दिल्ली। दिल्ली में एमसीडी चुनाव से पहले छठ पूजा के त्यौहार पर यमुना की गंदगी को आधार बनाते हुए बीजेपी आम आदमी पार्टी के ऊपर हमलावर हो गई है। भाजपा ने केजरीवाल सरकार को यमुना की सफाई के मुद्दे पर घेरने की नई योजना बनाई है। भाजपा पूर्वांचली मतदाताओं के बीच इस बात का खूब जोरशोर से प्रचार करेगी कि तमाम वादों के बाद भी दिल्ली सरकार यमुना को साफ़ करने में नाकाम रही। इससे न केवल यमुना में प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि इससे छठ पूजा में आस्था रखने वाले पूर्वांचली समुदाय के लोगों की धार्मिक भावनाओं को भी चोट पहुंच रही है। दिल्ली की यमुना में इस वक्त जहरीला सफेद झाग तैर रहा है। 30 अक्टूबर को छठ का त्यौहार मनाया जाना है। इससे पहले आज 28 अक्टूबर को नहाय-खाय पर्व मनाया गया।

आपको बता दें कि दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर पूर्वांचलियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि छठ पूजा पूर्वांचल के लोगों का सबसे बड़ा त्यौहार है और वे दिल्ली में भी इसे बहुत धूमधाम से मनाते हैं। यह जानते हुए भी दिल्ली सरकार ने इसके लिए उचित तैयारियां नहीं की हैं। इससे पूर्वांचल के लोगों में जबर्दस्त आक्रोश है।

इसके साथ ही मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने सत्ता में आने के समय यमुना को साफ़ करना का वादा किया था। लेकिन सच्चाई यह है कि यमुना और ज्यादा प्रदूषण से घिरती जा रही है, इसका पानी लोगों के लिए इस्तेमाल करने योग्य नहीं रह गया है।

वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर सांसद मनोज तिवारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें तिवारी ने कहा कि आज जब भाजपा नेता कालिंदी घाट पहुंचे तो वहां झाग को छिपाने के लिए जहरीला रसायन का छिड़काव किया जा रहा था। भाजपा नेताओं को देखते ही ये लोग रसायन छोड़कर वहां से भाग गए।

इसके साथ ही मजिन्दर सिंह सिरसा ने भी एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा, ये जो कैमिकल देख रहे हैं आप… सरकार इन कैमिकल्स को यमुना में फेंकने का प्लान बना रही थी ताकि छठ पूजा वाले दिन यहाँ आने वाली माताएँ और बहने इस ज़हरीले पानी से बीमार हो जाएँ हम केजरीवाल के इस घिनौने प्लान के ख़िलाफ़ पुलिस में क्रिमिनल केस दर्ज करवाने जा रहे हैं!

इसके अलावा बीजेपी की प्रवक्ता निगत अब्बास ने भी ट्वीट करके इस मुद्दे पर अपनी राय रखी, उन्होंने लिखा- ”यही है मां यमुना के हाल की सच्चाई अरविंद केजरीवाल के शासन में, भारी दिल के साथ कहना पड़ रहा है कि ये माँ यमुना नहीं रहीं बल्कि बदबूदार और ज़हरीले पानी का बड़ा नाला बन गया है। कैसे केजरीवाल ने इस पानी में केमिकल डलवा कर इसे और ज़हरीला बनाया। देखिए वीडियो।”