newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

मैंने महात्मा गांधी का नाम ही नहीं लिया, सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम को वर्गीकृत करने की कोशिशः अनंत हेगड़े

महात्मा गांधी पर विवादित टिप्पणी को लेकर भाजपा सांसद अनंत हेगड़े ने अब अपनी तरफ से इस मामले पर सफाई दी है।

नई दिल्ली। महात्मा गांधी पर विवादित टिप्पणी को लेकर भाजपा सांसद अनंत हेगड़े ने अब अपनी तरफ से इस मामले पर सफाई दी है। आपको बता दें कि भाजपा के सभी नेता और पार्टी की तरफ से अनंत हेगड़े के इस बयान की जमकर निंदा की गई थी और उनसे बिन शर्त अपने इस बयान के लिए माफी मांगने को कहा गया था। जिसके बाद अनंत हेगड़े की तरफ से सफाई दी गई है।Anant kumar Hegde

भाजपा सासंद अनंत हेगड़े ने मंगलवार को कहा कि वह सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम को वर्गीकृत करने की कोशिश कर रहे थे और उन्होंने महात्मा गांधी का नाम ही नहीं लिया। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े ने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व वाले स्वतंत्रता आंदोलन को ‘ड्रामा’ बताया था।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक अनंत हेगड़े ने कहा, ‘1 फरवरी 2020 को दिए मेरे बयान की जिम्मेदारी लेता हूं। मैंने किसी राजनीतिक पार्टी, महात्मा गांधी या किसी और का कोई जिक्र नहीं किया था। मैंने सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम को वर्गीकृत करने की कोशिश की थी।’


उन्होंने कहा कि ‘मेरा भाषण सार्वजनिक है, अगर कोई सुनना चाहता है, तो यह ऑनलाइन और मेरी वेबसाइट पर उपलब्ध है। मैंने कभी महात्मा गांधी और पंडित नेहरू के खिलाफ एक शब्द नहीं कहा। मैं सिर्फ हमारे स्वतंत्रता संग्राम के बारे में चर्चा कर रहा था।’Anant kumar Hegde

सूत्रों के हवाले खबर बीजेपी सांसद अनंत हेगड़े ने अपना जवाब बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा को भेज दिया है। इस जवाब में उन्होंने अपने पूरे बयान का अनुवाद भेजा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महात्मा गांधी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर सांसद अनंतकुमार हेगड़े को सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। यही नहीं, पार्टी ने संसदीय दल की बैठक में शामिल होने वाले नेताओं की लिस्ट में से भी उन्हें बाहर कर दिया था।Anant kumar Hegde

आज महात्मा गांधी पर भाजपा सांसद अनंत हेगड़े की विवादित टिप्पणी को लेकर लोकसभा में कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने सदन में भारी हंगामा किया। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ‘आज ये महात्मा गांधी को गाली देते हैं। ये रावण के औलाद हैं। राम के पुजारी का ये अपमान कर रहे हैं।’ हालांकि, इसके बाद बीजेपी सांसदों ने लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बयान ‘ये रावण के औलाद हैं’ पर आपत्ति जताई।