newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कांग्रेस-चीन एक साथ? चीन के ग्लोबल टाइम्स में कांग्रेस को लेकर छापी ये कैसी रिपोर्ट, BJP ने बोला हमला

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बहाने कांग्रेस (Congress) पर करारा हमला किया है। भाजपा ने कांग्रेस और चीन के बीच ‘इश्क’ चलने की बात कही है।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बहाने कांग्रेस (Congress) पर करारा हमला किया है। भाजपा ने कांग्रेस और चीन के बीच ‘इश्क’ चलने की बात कही है। कहा है कि जिस तरह से इश्क और मुश्क (तेज सुगंध) छिपाने से नहीं छिपते, उसी तरह से आज कांग्रेस और चीन के बीच खिल रहा गुल सबको पता चला है। भाजपा की तरह से शनिवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस कर राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने कहा, ” ऐसा क्यों है कि चाहे पाकिस्तान (Pakistan) हो, चीन (China) हो या कुछ आतंकवादी हों, ये सब लोग कांग्रेस को पसंद करते हैं। चीन बाहर से भारत में आक्रमण करने की कोशिश कर रहा है, जिसे हम नाकाम कर रहे हैं। लेकिन भारत के अंदर से देश की सरकार को हिलाने और गिराने की साजिश चीन की साथी कांग्रेस पार्टी कर रही है।”

Sambit Patra

संबित पात्रा ने कहा कि चीन में एक ही पार्टी की सरकार और उसी की मीडिया है। ग्लोबल टाइम्स ने ट्वीट कर कहा है कि कांग्रेस नरेंद्र मोदी की सरकार को झकझोरने में लगी है। इससे पता चलता है कि हिंदुस्तान के अंदर कांग्रेस चीन के एजेंडे पर काम कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि चाहे पाकिस्तान हो, चीन हो चाहे आतंकवादी भी हों, ये सारे लोग कांग्रेस को पसंद करते हैं। सबकी प्रीत कांग्रेस के प्रति है। अनुच्छेद 370 हटने के बाद पाकिस्तान में हाहाकर मचा था। तब संसद से बाहर निकलकर राहुल गांधी ने कहा था कि हजारों हजार लोगों का कत्लेआम हो गया है। तब झूठ का सहारा लेकर इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र में डोजियर दिया था कि राहुल गांधी ने ऐसा कहा है कि हिंदुस्तान में लोकतंत्र समाप्त हो गया।

संबित पात्रा ने कहा कि इमरान राहुल गांधी का सहारा लेते हैं। चीन भी सहारा ले रहा है। आतंकी सरगना हाफिज सईद भी कांग्रेस को पसंद करता है। राहुल गांधी पहले पाकिस्तान के ही हीरो थे मगर आज चीन के भी हीरो बन गए। संबित पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि चीन की मीडिया की ओर से महिमामंडन के बाद राहुल गांधी बधाई के पात्र हैं।

भारत के पास युद्ध जीतने का कोई मौका नहीं : चीनी मुखपत्र

भारतीय और चीनी रक्षा मंत्रियों के बीच शुक्रवार की बैठक को एक सकारात्मक कदम करार देते हुए चीनी मीडिया ने शनिवार को कहा कि सीमा युद्ध की स्थिति में भारत के पास जीतने का कोई मौका नहीं होगा। सत्तारूढ़ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के साथ निकटता से जुड़े ग्लोबल टाइम्स ने शनिवार को संपादकीय में कहा, “हम भारतीय पक्ष को याद दिला रहे हैं कि चीन की राष्ट्रीय ताकत, जिसमें उसकी सैन्य ताकत भी शामिल है, भारत की तुलना में अधिक मजबूत है। हालांकि चीन और भारत दोनों महान शक्तियां हैं, मगर जब युद्धक क्षमता की बात आती है, तो भारतीय पक्ष हार जाएगा। यदि एक सीमा युद्ध शुरू होता है, तो भारत के पास जीतने का कोई मौका नहीं होगा।”

Indian china

संपादकीय में कहा गया है, “हमें उम्मीद है कि रक्षा मंत्रियों की बैठक दोनों देशों के नेताओं की बैठक की सर्वसम्मति पर वापस आने के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ होगी। प्रत्येक पक्ष सीमा पर तनाव को कम करने के लिए अपना उचित प्रयास करेगा।”

चीन का मुखपत्र कहलाने वाले ग्लोबल टाइम्स ने शुक्रवार को मॉस्को में रक्षा मंत्रियों की बैठक का समर्थन किया है। हालांकि, वह इस तथ्य की ओर इशारा करता है कि सीमा पर भारतीय नीतियों को राष्ट्रवाद और जनमत (पब्लिक ओपिनियन) द्वारा निर्धारित किया जा रहा है। ग्लोबल टाइम्स ने कहा, “भारतीय जनमत बहुत गहराई से और व्यापक रूप से सीमा के मुद्दों में शामिल है। भारतीय सैनिकों का स्पष्ट रूप से घरेलू राष्ट्रवाद द्वारा अपहरण कर लिया गया है। इसलिए, चीन और भारत के बीच सीमा विवाद के संयुक्त नियंत्रण के अलावा, भारत को सार्वजनिक राय और राष्ट्रवाद का प्रबंधन भी करना चाहिए। यह उनके देश और अपने लोगों के लिए सबसे अच्छा विकल्प है।”


ग्लोबल टाइम्स ने कहा, “अब समस्या यह है कि भारत ने सीमा मुद्दे पर एक आक्रामक रेखा खींची है, जो सीमा पर शांति और स्थिरता को बनाए रखने की चीन की इच्छा को एक कमजोरी के रूप में दशार्ती है।”

चीनी अखबार ने अमेरिका की ओर से भारत के प्रति समर्थन जताए जाने पर भी खीझ प्रकट की। इसने कहा, “नई दिल्ली के कुछ लोगों का यह भी मानना है कि अमेरिका के चीन के प्रति दमन और भारत के प्रति समर्थन ने भारत की सामरिक ताकत को बढ़ा दिया है।” चीनी अखबार ने इसे एक गलत अनुमान करार दिया है।