
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर में एक हिंदू लड़की का शव तालाब में मिला था। वो दलित राजबंशी समुदाय की थी। लड़की के घरवालों का आरोप है कि उससे रेप किया गया और फिर हत्या की गई। इस मामले में पश्चिम बंगाल की सियासत में फिर उबाल है। बीजेपी लगातार ममता बनर्जी की सरकार को घेर रही है। अब मृत युवती के शव से पुलिस ने जिस तरह का सुलूक किया, वो भी ममता बनर्जी की सरकार के लिए मुश्किल का सबब बन सकता है। एक वीडियो सामने आया है। जिसे ट्वीट कर पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजुमदार ने ममता सरकार को निशाना बनाया है।
इस वीडियो में दिख रहा है कि तालाब से लड़की का शव निकालने के बाद पुलिसकर्मी बजाय उसे स्ट्रेचर या किसी और चीज में ले जाने के घसीटते हुए ले जा रहे हैं। सुकांत मजुमदार ने इस संबंध में चली न्यूज चैनल की खबर को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि देखिए, किस तरह पश्चिम बंगाल की पुलिस इतनी खराब तरीके से रेप और हत्या की शिकार लड़की के शव को उत्तरी दिनाजपुर में ले जा रही है। सुकांत ने इसे मानवता, सीएम ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल पुलिस के लिए शर्मनाक बताया है। देखिए वो वीडियो, जिसे सुकांत मजुमदार ने ट्विटर पर शेयर कर अपनी नाराजगी जताई है।
Look how badly West Bengal police is dragging the body of the girl raped and murdered in Uttar Dinajpur, WB.
Humanity is shamed by their such acts. Shame on WB police and CM @MamataOfficial. pic.twitter.com/sljpot6XqR
— Dr. Sukanta Majumdar (@DrSukantaBJP) April 21, 2023
उत्तरी दिनाजपुर की इस घटना पर सियासत पहले से ही गरम है। ऐसे में लड़की के शव को घसीटने की घटना सामने आने के बाद माहौल और गरमाने की आशंका है। इससे पहले शुक्रवार को भी एक वीडियो आया था। जिसमें आरोप लगाया गया था कि कथित रेप और हत्या की शिकार लड़की के परिजनों को बंगाल पुलिस ने पीटा और लात तक मारी। सोशल मीडिया पर उस वीडियो के आने के बाद तमाम यूजर्स ने खूब नाराजगी जताई थी। अब लड़की का शव घसीटने का वीडियो आने से भी लोग भड़के हुए दिख रहे हैं।