CAA विरोधी प्रदर्शन के लिए शायर मुनव्वर राणा की बेटियों के खिलाफ मामला दर्ज

उत्तर प्रदेश पुलिस ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ लखनऊ में घंटाघर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मशहूर उर्दू शायर मुनव्वर राणा की बेटियों और कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Avatar Written by: January 21, 2020 2:07 pm

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस ने नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ लखनऊ में घंटाघर पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मशहूर उर्दू शायर मुनव्वर राणा की बेटियों और कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ठाकुरगंज पुलिस स्टेशन में सोमवार देर रात अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं, जिसमें आईपीसी की धारा 147 (दंगा करने), 145 (गैरकानूनी रूप से एकत्र होना या शामिल होने या जारी रखना यह जानते हुए भी कि इसे तितर-बितर करने की आज्ञा दी गई है) धारा 188 (लोकसेवक द्वारा विधिवत दिए आदेश की अवज्ञा) और 283 (सार्वजनिक रूप से खतरा या रुकावट) के तहत 20 महिलाओं, दो पुरुषों और 135 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

Munawwar Rana

यह प्राथमिकी ठाकुरगंज के निवासी सेठ पाल सिंह की शिकायत पर दर्ज की गई है, जो मूल रूप से हरिद्वार के रहने वाले हैं। मुन्नवर राणा की दोनों बेटियों सुमैया और फौजिया राणा के खिलाफ दर्ज मामले में रुखसाना और सफी फातिमा नामक दो अन्य महिलाएं और अन्य आठ से 10 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के नाम भी शामिल हैं।

शिकायत में कहा गया है कि जब एक महिला पुलिसकर्मी ने उनसे वहां से हटने के लिए कहा तो उन्होंने न केवल हटने से इनकार किया, बल्कि उसके साथ धक्का-मुक्की भी की। दिल्ली में शाहीन बाग विरोध प्रदर्शन की तर्ज पर शुरू हुए सीएए के विरोध में शुक्रवार दोपहर बमुश्किल 15 महिलाएं थी और देखते ही देखते अब प्रदर्शन में 5,000 से अधिक महिलाएं शामिल हो गई हैं।

CAA Protest

शुक्रवार रात को, पुलिस ने न केवल विरोध स्थल पर बिजली काट दी, बल्कि शौचालय में भी ताला लगा दिया। वे जबरन कंबल उठा ले गए और अलाव पर पानी डाल दिया। शहर का सिख समुदाय पिछले चार दिनों से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं और बच्चों के लिए लंगर चला रहा है। पुलिस ने पुरुषों को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अनुमति नहीं दी है।

Munawwar Rana

लखनऊ के पुलिस आयुक्त सुजीत पांडे ने गणतंत्र दिवस समारोह और फरवरी के पहले सप्ताह में लखनऊ में डिफेंस एक्सपो के मद्देनजर रविवार को सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी।