newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uttarakhand: केदारनाथ पहुंचे CM धामी ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, यात्रा तैयारियों का भी लिया जायजा

Uttarakhand: धामी ने निर्माण कार्यों में अहम योगदान देने के लिए सभी श्रमिकों का धन्यवाद किया। इसके अलावा उन्होंने केदारनाथ ट्रैक की जानकारी लेते हुए यात्रियों की सुविधा अनुसार विभिन्न जगहों पर ठहरने, पानी एवं बरसात के दौरान रेन शेल्टर के निर्माण कार्यों में गति लाने की भी बात कही।

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मंगलवार को केदारनाथ मंदिर परिसर में पहुंचकर केदारनाथ धाम में हो रहे निर्माण कार्यों और आगामी यात्रा संबंधित तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम में पूर्ण हो चुके सरस्वती आस्था पथ का निरीक्षण करते हुए निर्माणाधीन मंदाकिनी आस्था पथ को भी जल्द ही पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने केदारनाथ परिसर के आस-पास पहाड़ी शैली में बन रहे मकानों और भवनों के निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने मंदिर परिसर के आस-पास और मुख्य मार्ग में अस्त-व्यस्त तरीके से पड़े मलबे और  निर्माणाधीन सामग्री को हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने बर्फ पिघलने के साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता लाने के साथ ही उसमें तेजी लाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएम ने केदार घाटी के निर्माण में अहम योगदान दे रहे श्रमिकों का हालचाल लिया और उनकी सभी समस्याओं को दूर करने के भी निर्देश दिए।

धामी ने निर्माण कार्यों में अहम योगदान देने के लिए सभी श्रमिकों का धन्यवाद किया। इसके अलावा, उन्होंने केदारनाथ ट्रैक की जानकारी लेते हुए यात्रियों की सुविधा अनुसार विभिन्न जगहों पर ठहरने, पानी एवं बरसात के दौरान रेन शेल्टर के निर्माण कार्यों में गति लाने की भी बात कही। मुख्यमंत्री श्री धामी ने मंदाकिनी और सरस्वती नदी के किनारे सुरक्षा दीवार और रेलिंग के निर्माण कराए जाने और वासुकी ताल ट्रैक को विकसित किए जाने के लिए जल्द ही कार्य प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि केदार घाटी का निर्माण देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सपनों के अनुसार ही किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान पर्यटन सचिव श्री दिलीप जावलकर ने मुख्यमंत्री धामी को निर्माण कार्यों की जानकारी दी कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। इस समय केदारनाथ धाम के निर्माण में तकरीबन 700  श्रमिक कार्यरत हैं। उन्होंने आगे बताया कि केदारघाटी में ब्रह्म कमल वॉटर पार्क भी निर्मित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विधायक श्रीमती शैला रानी रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, उपजिलाधिकारी योगेंद्र सिंह एवं अन्य लोग मौके पर मौजूद रहे।