newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Uttar Pradesh: सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में निवेश के लिए उठाया बड़ा कदम, लोगों को मिलेगा रोजगार

Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने उद्यमियों और निवेशकों से आह्वान किया कि वे सभी देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में अपना सहयोग प्रदान कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के सपने को साकार करें।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्यमियों और निवेशकों से आह्वान किया कि वे सभी देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर और उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर बनाने के लक्ष्य को पूरा करने में अपना सहयोग प्रदान कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करें। उद्यमियों और निवेशकों के सहयोग से देश व प्रदेश को आर्थिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक तौर पर नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। इन सभी के सहयोग से हम उत्तर प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि निवेशकों की सहूलियत के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक एमओयू हस्ताक्षरित करने वाले उद्यमी के साथ एक नोडल अधिकारी लगाया गया है, जो उनसे फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं का समाधान करता है और एमओयू के क्रियान्वयन की विभिन्न स्टेजों के विषय में भी जानकारी देता है।

Yogi adityanath

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप्र एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका द्वारा आयोजित ‘उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेंट एण्ड टूरिज्म’ ईवेन्ट को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतवंशियों ने अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से विश्व में अपनी पहचान स्थापित की है। मातृभूमि के प्रति उनका लगाव सराहनीय है। भारत और उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास में प्रवासी भारतवंशियों की रुचि और सकारात्मक सहयोग की इच्छा सराहनीय है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आबादी की दृष्टि से देश का सबसे बड़ा राज्य है। लगभग 24 करोड़ जनसंख्या का यह प्रदेश एक बड़ा बाजार भी है। उत्तर प्रदेश पर प्रकृति और परमात्मा की असीम कृपा है। इस कृपा को सौभाग्य में बदलने की जरूरत है, जिससे प्रदेशवासियों का आर्थिक उन्नयन कर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसमें प्रवासी भारतवंशियों का सहयोग उपयोगी सिद्ध होगा।

Yogi adityanath

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों से युक्त है। साथ ही, हमारी सरकार प्रदेश में अवस्थापना विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। प्रदेश को मानव सभ्यता की प्रथम भूमि बताते हुए उन्होंने कहा कि यह संसार के प्रथम राजा मनु की धरती है। दुनिया की प्राचीनतम नगरी काशी, कुम्भ की धरती प्रयागराज, कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा, गंगा, यमुना, सरयू जैसी पवित्र नदियां यहां हैं। आध्यात्मिक पर्यटन के साथ ही, प्रदेश में ईको व हेरिटेज पर्यटन के भी व्यापक अवसर विद्यमान हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की सांस्कृतिक धरोहर को विश्व में मान्यता दिलायी है। भारतीय ऋषि परम्परा की देन योग को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है। प्रधानमंत्री की पहल पर यूनेस्को ने कुम्भ को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने प्रयागराज कुम्भ-2019 का भव्य एवं दिव्य आयोजन कर इसे सुरक्षा, सुव्यवस्था, स्वच्छता के आयोजन के रूप में वैश्विक मानचित्र पर स्थापित किया। इस आयोजन में 187 देशों के प्रतिनिधियों, देश व दुनिया से 24 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने 05 अगस्त, 2020 को अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का शुभारम्भ किया है। अयोध्या को दुनिया की सबसे खूबसूरत नगरी के रूप में विकसित किया जाएगा।

yogi

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सम्भावनाओं को साकार करने के लिए कानून का राज आवश्यक है। वर्तमान राज्य सरकार ने इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था अन्य राज्यों के लिए उदाहरण है। उद्यमियों और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए शांति एवं कानून व्यवस्था महत्वपूर्ण कारक तत्व है। राज्य सरकार ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने के साथ ही, उद्यमियों और निवेशकों के लिए सेक्टरवार नीतियां बनाकर लागू की हैं। हर क्षेत्र में निवेश के लिए नीतियां तैयार की गई हैं। सिंगल विण्डो प्लेटफॉर्म के रूप में ‘निवेश मित्र पोर्टल’ विकसित किया गया है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से ‘ईज ऑफ डुइंग बिजनेस’ में राज्य आज देश में दूसरे स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 3 वर्षों में राज्य सरकार ने अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। वर्तमान में प्रदेश में 4 एक्सप्रेस-वे निर्माणाधीन हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मार्च, 2021 में आवागमन प्रारम्भ हो जाएगा। यह एक्सप्रेस-वे पूर्वी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था का बैकबोन सिद्ध होगा। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जोड़ते हुए विकसित किया जा रहा है। यह एक्सप्रेस-वे बुन्देलखण्ड क्षेत्र के सभी जनपदों को जोड़ते हुए चित्रकूट तक जाएगा। चित्रकूट एक महत्वपूर्ण धार्मिक नगरी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिवर्ष यहां पर आते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालु बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण के पश्चात देश की राजधानी नई दिल्ली की यात्रा 6 घण्टे में सम्पन्न कर सकेंगे, जिसमें अभी 10 से 12 घण्टे लगते हैं।

CM Yogi

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे और मेरठ से प्रयागराज तक के 600 किमी लम्बाई के गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण की कार्यवाही गतिमान है। उन्होंने कहा कि इन एक्सप्रेस-वे के निर्माण के साथ ही, प्रदेश के सभी जनपदों में औद्योगिक क्लस्टर के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के प्रत्येक जनपद तथा अन्य राज्यों को 4 लेन मार्गों से जोड़ा जा रहा है। तहसील एवं विकास खण्डों को 2 लेन मार्गों से जोड़ा गया है। उत्तर प्रदेश में देश का पहला वॉटर-वे भी बना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में 2 एयरपोर्ट कार्यशील थे। वर्तमान में 8 एयरपोर्ट कार्यशील हैं तथा कई अन्य पर कार्य तेजी से संचालित है। जेवर, कुशीनगर, अयोध्या में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की कार्यवाही संचालित है। इसके अलावा, चित्रकूट, सोनभद्र, आजमगढ़, बरेली आदि में एयरपोर्ट बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में 1947 से 2017 तक 12 मेडिकल कॉलेज थे। विगत 3 वर्षों में प्रदेश में 30 नये मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। गोरखपुर में निर्मित एम्स का मार्च, 2021 में शुभारम्भ किया जाएगा। इसके समकक्ष ही एक संस्थान वाराणसी में स्थापित किया गया है। हाल ही में लखनऊ में कैंसर संस्थान का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 16 जनपदों में निजी अथवा राजकीय मेडिकल कॉलेज नहीं हैं। राज्य सरकार इन जनपदों में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए नीति बना रही है। इस सम्बन्ध में नेशनल मेडिकल काउन्सिल के साथ वार्ता चल रही है।

CM Yogi Adityanath
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिवस ही कैलाश मानसरोवर भवन का लोकार्पण किया गया है। इस भवन से श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध होगी। जनपद मेरठ में स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की कार्यवाही गतिमान है। सहारनपुर, अलीगढ़ व आजमगढ़ में नए राज्य विश्वविद्यालय स्थापित हो रहे हैं। प्रयागराज में विधि विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है। इसी प्रकार आयुष विश्वविद्यालय की भी स्थापना की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक फिल्म सिटी के निर्माण की कार्यवाही भी प्रगति पर है। गौतमबुद्धनगर के जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी की दूरी मात्र 6 किमी है। फिल्म सिटी के लिए 1 हजार एकड़ भूमि आरक्षित की गई है। उत्तर प्रदेश इण्डस्ट्रियल डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। कॉरिडोर के 6 नोड अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, झांसी, आगरा, चित्रकूट हैं।