newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

CM Yogi ने ट्वीट कर दी गोपाष्टमी की शुभकामनाएं, कहा- ‘आइए, गो-सेवा व गो-रक्षा का लें प्रण’

Gopashtami: सीएम योगी(CM Yogi) ने अपने शासन काल में गो रक्षा को लेकर कहा कि, राज्य सरकार द्वारा 8 लाख से अधिक गोवंश को संरक्षित किया गया है। इन संरक्षित गोवंश को अतिकुपोषित परिवारों को देने की व्यवस्था भी की गई है।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोपाष्टमी के दिन देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में सीएम योगी ने लोगों से गो सेवा और उनकी रक्षा करने को लेकर प्रण लेने की अपील की। उन्होंने लिखा है कि, “अनादि काल से पूजनीय गोमाता, जीवन और जीविका की आधार एवं सम्पूर्ण सृष्टि की पालक हैं। आध्यात्मिक व सांस्कृतिक उन्नयन की कारक हैं गोमाता। आइए, इस गोपाष्टमी पर गोपालन, गो-सेवा व गो-रक्षा का प्रण लें। पावन गोपाष्टमी पर्व की समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं।” बता दें कि इससे पहले 21 नवंबर को सीएम योगी ने ट्वीट के जरिए जानकारी दी थी कि, “गोपाष्टमी के अवसर पर सभी गो-आश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंश का खुरपका-मुंहपका रोगों से संबंधित टीकाकरण किया जाएगा। कुपोषित परिवारों के सुपोषण हेतु ‘मा. मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना’ के अन्तर्गत गो-आश्रय स्थलों से गाय उपलब्ध कराई जाएंगी।”

yogi with cow
फाइल फोटो

इससे पहले बताया था गोवंश का महत्व

इसके अलावा शनिवार को अपने सरकारी आवास पर ‘गो-लोक की ओर’ पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने गोवंश का महत्व बताते हुए कहा था कि, भारत में सनातन काल से ही गौ और गोवंश का विशेष महत्व रहा है। सभी देवी देवताओं का निवास गौ में माना जाता है। यह विश्वास जहां पर रहा हों, वहां पर हम गोवंश की उपेक्षा करें, यह वास्तव में कथनी और करनी पर एक बड़ा प्रश्न खड़ा करता। इसे ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश की वर्तमान सरकार ने गो संरक्षण व संवर्धन के दृष्टिगत अनेक फैसले लिए हैं। सरकार गठन के बाद अवैध बूचड़खानों व तस्करी को प्रतिबंद्धित करने का कार्य किया गया।

8 लाख से अधिक गोवंश को संरक्षित

सीएम योगी ने अपने शासन काल में गो रक्षा को लेकर कहा कि, राज्य सरकार द्वारा 8 लाख से अधिक गोवंश को संरक्षित किया गया है। इन संरक्षित गोवंश को अतिकुपोषित परिवारों को देने की व्यवस्था भी की गई है।