Communal Tension: दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक बार फिर सांप्रदायिक हिंसा, जमकर चले ईंट-पत्थर, कई गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में लोग पथराव करते दिखे हैं। इनकी पहचान की जा रही है। हिंसा के दौरान कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल यहां कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर पुलिस भी तैनात की गई है।

आईएएनएस Written by: June 8, 2022 9:35 am
delhi police

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक बार फिर सांप्रदायिक हिंसा की घटना हुई है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात जहांगीरपुरी के जे ब्लॉक में दो समुदायों के बीच जमकर पथराव हुआ। इसके बाद इलाके में तनाव है। बीती रात इन समुदायों के लोगों के बीच किसी बात पर पहले कहासुनी और फिर मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए और पथराव करने लगे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में लोग पथराव करते दिखे हैं। इनकी पहचान की जा रही है। हिंसा के दौरान कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। फिलहाल यहां कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर पुलिस भी तैनात की गई है।

jahangirpuri police 2

बता दें कि जहांगीरपुरी में रामनवमी के मौके पर निकले जुलूस के दौरान भी हिंसा हुई थी। उस मामले में पुलिस को हालात संभालने में बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। घटना के बाद तमाम लोग गिरफ्तार किए गए थे। उस हिंसा का मुख्य आरोपी अंसार नाम का कबाड़ी और उसके साथी बताए गए थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद इलाके में एमसीडी ने बुलडोजर से अवैध निर्माण गिराए थे। इन निर्माण को गिराने के खिलाफ कुछ लोग सुप्रीम कोर्ट चले गए थे। जिस पर कोर्ट ने अगले आदेश तक बुलडोजर अभियान पर रोक लगा दी थी। एक बार फिर यहां हालात बिगड़ने से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कौन लोग हैं, जो दिल्ली में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बार-बार पैदा कर रहे हैं।

Jahangirpuri violence