UP: कांग्रेस को झटके का डबल डोज, जिन आरपीएन सिंह को कल बनाया स्टार प्रचारक; वे ही आज पार्टी छोड़ BJP में गए

UP Election 2022: इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, आरपीएन सिंह जी का मैं भारतीय जनता पार्टी परिवार में स्वागत करता हूं। उनके साथ 2 अन्य साथी भी भाजपा में शामिल हुए हैं, मैं उनका भी पार्टी में स्वागत करता हूं।

Avatar Written by: January 25, 2022 2:58 pm
RPN Singh bjp

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल यूपी के पडरौना से पार्टी के बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और अब आरपीएन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। हैरान करने वाली बात ये है कि सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने ही स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में आरपीएन सिंह का नाम भी शामिल था। बता दें कि यूपी में 7 चरणों में विधानसभा होने हैं। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होगा, जबकि 10 मार्च को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएगे।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि, आरपीएन सिंह जी का मैं भारतीय जनता पार्टी परिवार में स्वागत करता हूं। उनके साथ 2 अन्य साथी भी भाजपा में शामिल हुए हैं, मैं उनका भी पार्टी में स्वागत करता हूं।

भाजपा में शामिल होने से पहले आरपीएन सिंह ने ट्वीट किया। इस ट्वीट में लिखा, यह मेरे लिए एक नई शुरुआत है। मैं पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्रीय निर्माण में अपना योगदान देने के लिए तत्पर हूं।

खबर है कि भाजपा उन्हें पडरौना सीट से चुनावी मैदान में उतार सकती है। बता दें कि पडरौना से स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव लड़ते हैं। स्वामी प्रसाद योगी सरकार में मंत्री थे और बीते दिनों तमाम तरह के आरोप लगाकर वो सपा में चले गए थे।