कांग्रेस विधायक ने लगाया प्रियंका पर आरोप, कहा ऐसा करके भाग जाती है दिल्ली
राकेश सिंह ने अपने दोनों भाई दिनेश सिंह और अवधेश सिंह का बचाव करते हुए कहा कि मेरे भाई पर प्रियंका गांधी गलत आरोप लगा रही हैं। प्रियंका गांधी को लगता है कि यहां पर दबाव बनाकर काम करेंगी।
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर उनके ही पार्टी के एक विधायक ने बगावती सुर अपना लिए हैं। प्रियंका गांधी पर कांग्रेस विधायक राकेश सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह यहां आती हैं और लोगों को लड़वाकर दिल्ली चली जाती हैं। इसके बाद पांच साल यहां के लोग आपस में लड़ते रहते हैं। राकेश सिंह ने आगे कहा कि प्रियंका गांधी बहुत दिन से अपराधियों को संरक्षण दे रही हैं। रायबरेली के हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि उनके पास इसकी जानकारी भी है। प्रियंका गांधी द्वारा ही यह साजिश रची जा रही है, जिसका परिणाम आने वाले समय में और खराब होगा।
राकेश सिंह ने अपने दोनों भाई दिनेश सिंह और अवधेश सिंह का बचाव करते हुए कहा कि मेरे भाई पर प्रियंका गांधी गलत आरोप लगा रही हैं। प्रियंका गांधी को लगता है कि यहां पर दबाव बनाकर काम करेंगी। दरअसल, लोकसभा चुनाव में दिनेश सिंह भाजपा की तरफ से रायबरेली में सोनिया गांधी को चुनौती दे रहे हैं। कभी कांग्रेस में सोनिया-प्रियंका के खास रहे दिनेश सिंह के खिलाफ आज पूरी पार्टी हमलावर है।
आपको बता दें कि मंगलवार को अदिति सिंह के काफिले पर हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार दिनेश सिंह और उनके भाई अवधेश सिंह समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा अदिति सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह द्वारा उनपर जानलेवा हमला कराने का आरोप भी लगाया है।
कौन है राकेश सिंह
राकेश प्रताप सिंह हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक है। राकेश सिंह आरोपी एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह के भाई है। एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह खुद पहले कांग्रेस में थे। मगर, अब भाजपा में आ गए हैं और उसी के टिकट पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव भी लड़ा है।