newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

इस राज्य ने किया फैसला, जिन 12 जिलों में कोरोना के नए मामले नहीं, वहां शुरू करेंगे आर्थिक गतिविधियां

भारत का हर राज्य कोरोना के खिलाफ अपने स्तर से लड़ाई लड़ रहा है। केंद्रीय दिशानिर्देश सभी राज्य सरकारों को समय समय पर दिए जा रहे हैं।

चंडीगढ़। कोरोना संक्रमण के मामले देशभर में बेहद तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक भारत में अन्य देशों के मुकाबले इसका कम प्रसार देखने को मिला है मगर फिर भी भविष्य के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। जबतक इस महामारी का पक्का इलाज दुनिया के हाथ नहीं लग जाता तबतक सबकुछ अनिश्चित है। भारत का हर राज्य कोरोना के खिलाफ अपने स्तर से लड़ाई लड़ रहा है। केंद्रीय दिशानिर्देश सभी राज्य सरकारों को समय समय पर दिए जा रहे हैं। इस बीच दिल्ली से सटे हरियाणा के अंदर बीते 24 घंटे में 5 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद राज्य में कुल इस महामारी से पीड़ितों की संख्या बढ़कर 292 पहुंच गई है।

corona

राज्य के पानीपत में दिल्‍ली से लौटे एक पुलिसकर्मी के संक्रमित पाए जाने के बाद उसके संपर्क में आए चार लोगों की टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसी के साथ पानीपत में कोरोना मरीजों की संख्या 12 हो गई है। बता दें कि देश में जहां कोरोनावायरस के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है, वहीं हरियाणा में संक्रमण की रफ्तार थमी है। साथ ही उपचार के बाद ठीक होने वाला का आंकड़ा भी बढ़ा है। इसके पीछे हरियाणा सरकार की योजना सामने आई है, जिसके तहत 20 हजार से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मियों ने राज्य के करीब 46 लाख परिवारों की स्क्रीनिंग की। इन परिवारों में से 9,977 लोगों मे सांस की दिक्कत और निमोनिया जैसे लक्षण मिले हैं।

odisha corona

आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा में एक दिन पहले 12 संक्रमण के नए मामले सामने आए थे, लेकिन इसके बावजूद भी कोविड-19 के फैलने की रफ्तार अन्य प्रदेशों की तुलना में बेहद कम है। इसलिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सभी परिस्थितियों का आंकलन करते हुए राज्य के लोगों को लॉकडाउन के बीच कुछ राहत देने का फैसला किया है।

इस रियायत के तहत उन्होंने 12 जिलों को ग्रीन जोन घोषित कर दिया है। ग्रीन जॉन घोषित किए गए इन इलाकों में अब आर्थिक गतिविधियां शुरू की जा सकेंगी। इसके साथ ही चूंकि गृह मंत्रालय का निर्देश आ चुका है। इसलिए कुछ दुकानें भी खोली जा सकेंगी।