newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

अलीगढ़ : नोटों पर थूक लगाकर सड़क पर फेंक गए 2 युवक, गांव में मचा हड़कंप

लॉक डाउन के बीच अलीगढ़ में तहसील इगलास में मुंह ढके हुए दो बाइक सवार युवकों ने पहले सौ-सौ के पांच नोटों पर थूक लगाया और फिर फैंक कर भाग गए।

अलीगढ़। कोरोना का खौफ बेशक हर तरफ फैला हुआ है मगर इस बीच भी कुछ लोग अपनी गंदी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोग कोरोना से लड़ने के समाजिक प्रयास का मजाक बना रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में तहसील इगलास के गांव बिझेरा के निकट रविवार को मुंह ढके हुए दो बाइक सवार युवकों ने पहले सौ-सौ के पांच नोटों पर थूक लगाया और फिर फैंक कर भाग गए। इसके बाद इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया।

बता दें युवकों की इस हरकत को खेत में काम रही एक लड़की ने देख लिया था। लड़की ने जाकर सारी जानकारी ग्रामीणों को दी। इससे ग्रामीणों में खलबली सी मच गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आया और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवकों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर नोटों को कब्जे में ले लिया है। गांव में मौजूद लोग पुलिस के आने से पहले इन नोटों को छूने से भी डर रहे थे।

ग्रामीणों के मुताबिक मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अंगोछा अपने मुंह पर बांध रखा था। बाइक पर सवार इसी युवक ने पहले नोट पर अपने थूक को लगाया और वहीं पास में फैंक दिया। बुरी नीयत के साथ आए ये लोग नोट फैंकने के बाद भाग गए। मौके पर घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई थी।

वहीं इस बारे में ग्रामीणों में चर्चा है कि युवक कोरोना संक्रमण फैलाने के उद्देश्य से नोट फैंक कर गए हैं। अब पुलिस इन दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई है।