हरियाणा के बाद दिल्ली में कांग्रेस को एक और झटका, इस दिग्गज नेता ने थामा AAP का दामन
चार बार कांग्रेस पार्टी से विधायक रह चुके साहनी ने साल 1998 में पहली बार चांदनी चौक सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। उसके बाद वो 2003, 2008 और 2013 में फिर से निर्वाचित हुए।
नई दिल्ली। पिछले दिनों हरियाणा कांग्रेस के नेता अशोक तंवर ने पार्टी के ऊपर पैसे लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाने के बाद उन्होंने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। अब कांग्रेस को दिल्ली से बड़ा झटका लगा है और चार बार कांग्रेस की टिकट से जीतकर विधायक बनने वाले प्रह्लाद सिंह साहनी ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की मौजूदगी में साहनी ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन किया।
चार बार कांग्रेस पार्टी से विधायक रह चुके साहनी ने साल 1998 में पहली बार चांदनी चौक सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। उसके बाद वो 2003, 2008 और 2013 में फिर से निर्वाचित हुए। साल 2015 में साहनी, आम आदमी पार्टी की अलका लांबा से विधानसभा चुनाव हार गए थे. लांबा ने हाल ही में फिर से कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
खबरों के मुताबिक दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के करीबी रहे प्रह्लाद सिंह साहनी अलका लांबा के दोबारा कांग्रेस में आने से नाराज थे। माना जा रहा है कि लांबा की कांग्रेस में वापसी के बाद अब आगामी विधानसभा चुनाव में साहनी को चांदनी चौक सीट से कांग्रेस का टिकट मिलना मुश्किल था।
हालांकि, वरिष्ठ नेता ने आप ज्वाइन करने के बाद कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की उनकी कोई महत्वाकांक्षा नहीं है। उन्होंने कहा, ”मेरे क्षेत्र के लोग आम आदमी पार्टी के काम से बहुत प्रभावित हैं।
Senior Congress leader and Former Four Term MLA from Chandni Chowk,Parlad Singh Sawhney joins Aam Aadmi Party with supporters in presence of National Convenor, Delhi CM @ArvindKejriwal & Delhi Election Incharge @SanjayAzadSln. pic.twitter.com/z42JHSX5Tz
— AAP (@AamAadmiParty) October 6, 2019
दिल्ली सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और ट्रांसपोर्ट जैसी चीजों के लिए काफी अच्छा काम किया है।” दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने साहनी का पार्टी में स्वागत किया।