newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

हिंदू मान्यताओं को नजरअंदाज करने का नतीजा-अमित शाह को हुआ कोरोना : दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने पूछा, ‘इन हालातों में क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री को क्वारनटीन नहीं होना चाहिए? क्या क्वारनटीन में जाने की बाध्यता केवल आम जनता के लिए है?

नई दिल्ली। कोरोना संकट के बीच हो रहे अयोध्या में भूमि पूजन के मुहूर्त को लेकर बवाल जारी है। कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह ने तो यहां तक कह दिया है कि, हिंदू धर्म की मान्यताओं को ना मानने का ही नतीजा है कि अमित शाह अस्पताल में भर्ती हैं। बता दें कि रविवार को उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण की कोरोना से मौत हो गई है, इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसी को लेकर दिग्विजय सिंह ने तंज कसते हुए ये बात कही।

Congress Leader Digvijay Singh

उन्होंने एक ट्वीट में लिखा कि,  ‘सनातन हिंदू धर्म की मान्यताओं को नजर अंदाज करने का नतीजा- 1. राम मंदिर के समस्त पुजारी कोरोना पॉजिटिव, 2- उत्तर प्रदेश की मंत्री कमल रानी वरुण का कोरोना से स्वर्गवास, 3- उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष कोरोना पोजिटिव अस्पताल में। 4- अमित शाह कोरोना पॉजिटिव।’

Digivijay singh tweet amit shah corona

इसके आगे भी कांग्रेसी नेता ने कोरोना संक्रमितों की गिनती कराते हुए लिखा, ‘5- मध्यप्रदेश के भाजपा के मुख्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में, 6- कर्नाटक के भाजपा के मुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में। मोदी जी आप अशुभ मुहूर्त में भगवान राम मंदिर का शिलान्यास कर और कितने लोगों को अस्पताल भिजवाना चाहते हैं?’

दिग्विजय सिंह ने पूछा, ‘इन हालातों में क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री को क्वारनटीन नहीं होना चाहिए? क्या क्वारनटीन में जाने की बाध्यता केवल आम जनता के लिए है? प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री के लिए नहीं है? क्वारनटीन की समय सीमा 14 दिवस की है।’

दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘योगी जी आप ही मोदी जी को समझाइए। आपके रहते हुए सनातन धर्म की सारी मर्यादाओं को क्यों तोड़ा जा रहा है? और आपकी क्या मजबूरी है जो आप यह सब होने दे रहे हैं? मैं मोदी जी से फिर अनुरोध करता हूं कि 5 अगस्त के अशुभ मुहुर्त को टाल दीजिए।’

पीएम नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘सैकड़ों वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम मंदिर निर्माण का योग आया है, अपनी हठधर्मीता से इसमें विघ्न पड़ने से रोकिए।’

Digivijay singh tweet amit shah pm

राम मंदिर के भूमिपूजन पर सवाल उठाने के दौरान दिग्विजय सिंह ने अपने एक ट्वीट में अमित शाह को देश का प्रधानमंत्री बताया। इसके बाद दिग्विजय सिंह ट्रोल होने लगे। बाद में दिग्विजय सिंह ने एक और ट्वीट करके कहा, ‘त्रुटि के लिए क्षमा प्रार्थी हूं। अमित शाह गृहमंत्री हैं ना कि प्रधानमंत्री, क्षमा करें।’