newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

बंगाल समेत 5 राज्यों के चुनाव की तारीखों का ऐलान, 27 मार्च को होंगे शुरू, 2 मई को आएंगे नतीजे

Election Commission of India : कोरोना से बने हालात को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुनील अरोड़ा ने कहा कि हमारे लिए मतदाताओं को सुरक्षित, मजबूत और जागरूक रखना सबसे बड़ा काम है।

नई दिल्ली। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेंस की। बता दें कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, उनमें तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी हैं। शुक्रवार को अपनी प्रेस कांफ्रेस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा कि, साल 2021 ने पूरी दुनिया की एकजुटता और समझ में लचीलापन बनाया है। हमें उम्मीद की कहानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना को ध्यान में रखते हुए ये चुनाव होंगे। कोरोना योद्धाओं को सलाम। मतदाताओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा। चुनाव के दौरान कोरोना गाइडलाइंस का पालन होगा।

5 STATE election

CEC ने जानकारी दी कि, सभी संवेदनशील बूथों पर CRPF की तैनाती होगी। उन्होंने कहा कि, असम में 2016 विधानसभा चुनाव में 24,890 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 33,530 होगी। तमिलनाडु में 2016 विधानसभा चुनाव में 66,007 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 88,936 होगी। केरल में पहले 21,498 चुनाव केंद्र थे, अब यहां चुनाव केंद्रों की संख्या 40,771 होगी। पश्चिम बंगाल में 2016 में 77,413 चुनाव केंद्र थे अब 1,01,916 चुनाव केंद्र होंगे।

अपडेट-

बता दें कि इन सभी राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 2 मई को आएंगे।

CEC ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी कि, पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में वोटिंग होगी। जिसमें पहला चरण 27 मार्च, दूसरा चरण 1 अप्रैल, तीसरा चरण 6 अप्रैल, चौथा चरण 10 अप्रैल, पांचवा चरण 17 अप्रैल, छठा चरण 22 अप्रैल, सातवां चरण 26 अप्रैल और आठवां चरण 29 अप्रैल को होगा।

पुडुचेरी में एक चरण में मतदान होंगे, जिसके लिए मतदान 6 अप्रैल को होंगे।

तमिलनाडु में एक चरण में होंगे मतदान जिसमें सभी सीटों पर 6 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

केरल में एक चरण में होगा मतदान, जोकि 6 अप्रैल को होगा।

असम में तीन चरणों में चुनाव होगा। 27 मार्च को पहला चरण, दूसरा चरण 1 अप्रैल को और 6 अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान होगा।

सीईसी सुनील अरोड़ा ने कहा कि, सोशल मीडिया की नई गाइडलाइंस पर नजर होगी।

सभी पोलिंग बूथ पर पानी, शौचालय और वेटिंग रूम होगा। साथ में व्हील चेयर भी होगा। आयोग के एलान के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई है।

सीईसी सुनील अरोड़ा ने कहा कि चुनाव के दौरान स्पेशल, जनरल, खर्च और पुलिस ऑब्जर्वर तैनात होंगे। कई बार जरूरी होने पर चुनाव आयोग जिला ऑब्जर्वर पर निगरानी के लिए सेंट्रल आब्जर्वर भी भेजता है। उन्होंने कहा कि विवेक दुबे को पश्चिम बंगाल, दीपक मिश्रा को केरल, धर्मेंद्र कुमार को तमिलनाडु में स्पेशल पुलिस ऑब्जर्वर बनाकर भेजा जा रहा है।

CEC ने कहा कि, त्योहार और परीक्षा वाले दिनों पर वोटिंग नहीं होगी। सभी संवेदनशील बूथों पर वोटिंग के दौरान वीडियोग्राफी होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी कि, उम्मीदवार समेत 5 लोगों से अधिक डोर टू डोर कैंपेन नहीं करने की इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि, इस बार मतदान का समय एक घंटे अधिक रखा गया है। उन्होंने जानकारी दी कि, नामांकन की सुविध ऑनलाइन होगी।

Sunil Arora CEC

मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुनील अरोड़ा ने कहा कि सभी चुनाव वाले राज्यों का हमने कई बार दौरा किया। 31 मई को असम की विधानसभा का कार्यकाल खत्म होगा तो 24 मई को तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इन राज्यों के 824 विधानसभा क्षेत्र में 86 करोड़ मतदाता 2.7 लाख बूथ पर मतदान करेंगे।

कोरोना से बने हालात को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुनील अरोड़ा ने कहा कि हमारे लिए मतदाताओं को सुरक्षित, मजबूत और जागरूक रखना सबसे बड़ा काम है। हमने कोरोना दौर में राज्यसभा की 18 सीटों के लिए चुनाव की शुरुआत की। फिर बिहार चुनाव कराया। अब ये पांच विधान सभा चुनाव ज्यादा चुनौती भरे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चुनाव के दौरान कई कर्मचारी और अधिकारी तो कोविड संक्रमण की चपेट में आए। ठीक हुए और फिर चुनावी ड्यूटी निभाई। हमने ऐसे कई कोरोना वीरों को राष्ट्रपति से पुरस्कार दिलाया। उनका सम्मान किया।