Gujarat Assembly Election: गुजरात कांग्रेस को एक और झटका, टिकट बेचने का आरोप लगाकर पूर्व विधायक कामिनी बा ने छोड़ी पार्टी

कामिनी ने गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष पर ही टिकट देने के लिए वसूली का आरोप लगाया है। कामिनी के मुताबिक जगदीश ठाकोर के एक एजेंट ने रकम मांगी। कामिनी बा के मुताबिक 11 नवंबर से उनको फोन आ रहे थे। एक व्यक्ति ने खुद को ठाकोर का करीबी बताया और कहा कि टिकट मिल जाएगा।

Avatar Written by: November 23, 2022 8:39 am
former congress mla kamini ba gujarat

अहमदाबाद। गुजरात के दहेगाम से कांग्रेस की पूर्व विधायक कामिनी बा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी पर टिकट बेचने का आरोप लगाया था। कामिनी अब बीजेपी में आ गई हैं। कामिनी ने कहा था कि टिकट के लिए उनसे रकम की मांग की गई। गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर को भेजे इस्तीफे के पत्र में कामिनी ने ये आरोप लगाया है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि उनसे टिकट के बदले 1 करोड़ रुपए की मांग की गई। कामिनी बा ने 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में दहेगाम सीट जीती थी। साल 2017 के चुनाव में बीजेपी के बलराज सिंह चौहान ने कामिनी बा को हराया था।

gujarat congress office

कामिनी ने गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष पर ही टिकट देने के लिए वसूली का आरोप लगाया है। कामिनी के मुताबिक जगदीश ठाकोर के एक एजेंट ने रकम मांगी। कामिनी बा के मुताबिक 11 नवंबर से उनको फोन आ रहे थे। एक व्यक्ति ने खुद को ठाकोर का करीबी बताया और कहा कि टिकट मिल जाएगा। आपका सर्वे ठीक आया है। सभी पार्षद आपके पक्ष मे हैं। आपको टिकट मिल जाएगा। फिर 12 नवंबर से फोन आने लगा कि टिकट देने में मुश्किल है। अगर टिकट चाहिए तो 1 करोड़ रुपए देने होंगे। कामिनी बा ने कहा कि मैंने उस शख्स से कहा कि मैं इस बारे में सोचकर बताऊंगी। जिसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।

Congress

बता दें कि कामिनी बा को टिकट न मिलने के बाद दहेगाम इलाके के कांग्रेस कार्यकर्ता उनके समर्थन में सड़क पर भी उतरे थे। इससे पहले कांग्रेस के गुजरात अध्यक्ष रहे हार्दिक पटेल ने भी पार्टी छोड़ दी थी। अल्पेश ठाकोर भी बीजेपी के पाले में आकर टिकट पा चुके हैं। कामिनी बा के कांग्रेस छोड़ने से दहेगाम सीट पर उनकी पुरानी पार्टी को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। यहां पिछली बार बीजेपी जीती थी। इस बार जीत का अंतर बड़ा भी हो सकता है।