newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

दिल्ली पुलिस ने मांगी स्टेडियम को अस्थायी जेल बनाने की इजाजत, केजरीवाल ने कह दिया ना, जानिए क्यों…

Farmer Protest : दिल्ली पुलिस(Delhi Police) आयुक्त ने कहा है कि, “प्रदर्शनकारी किसानों(Farmers Protest) को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। उन्हें बुराड़ी इलाके में निरंकारी समागम मैदान में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति होगी।”

नई दिल्ली। शुक्रवार को बड़ी संख्या में दिल्ली बॉर्डर पर किसान अपना प्रदर्शन लेकर पहुंचे तो उन्हें वहीं रोक दिया गया। फिलहाल दिल्ली में उनके प्रवेश को अब मंजूरी मिल गई है लेकिन उनके साथ दिल्ली पुलिस के जवान भी रहेंगे। दरअसल किसी अनहोनी को रोकने के लिए इस तरह के इंतजाम किए गए थे। आपको बता दें कि इससे पहले किसानों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल सरकार से मांग की थी कि दिल्ली में कुल 9 स्टेडियम को अस्थाई जेल बनाने की इजाजत दी जाय। इस मांग को दिल्ली सरकार ने खारिज करते हुए इसे किसानों के हक के खिलाफ बताया है। दिल्ली सरकार का कहना है कि, किसानों का प्रदर्शन शांतिपूर्वक हो रहा है, और उनकी मांगे भी जायज हैं। ऐसे में उन्हें जेल में डालना ठीक नहीं है। इसको लेकर दिल्ली सरकार के गृह मंत्री सत्येंद्र जैन की ओर से एक बयान जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि किसानों की मांग जायज है और उनका प्रदर्शन अहिंसक तरीके से हो रहा है।

Farmer protest

बता दें कि शुक्रवार सुबह ही किसान बड़ी संख्या में दिल्ली बॉर्डर पर आ गए थे, जिसके बाद पुलिस ने तैयारी शुरू की थी। इस तैयारी में पुलिस ने केजरीवाल सरकार से 9 स्टेडियम को अस्थाई जेल बनाने की मांग की थी जिसे अब दिल्ली सरकार ने नकार दिया है। बता दें कि इस मांग को लेकर सत्येंद्र जैन ने कहा है कि, “किसानों की मांग जायज है। केंद्र सरकार को किसानों की मांगे तुरंत माननी चाहिए।”

Delhi government Satyendra Jain

उन्होंने कहा है कि, “किसानों को जेल में डालना, इसका समाधान नहीं है। इनका आंदोलन बिल्कुल अहिंसक है। अहिंसक तरीके से आंदोलन करना हर भारतीय का संवैधानिक अधिकार है। उसके लिए जेल में नहीं डाला जा सकता। इसलिए स्टेडियम को जेल बनाने की दिल्ली पुलिस की इस अर्जी को दिल्ली दिल्ली सरकार नामंजूर करती है।”

बता दें कि इस मांग को लेकर स्टेडियम AAP नेता राघव चड्ढा ने कहा है कि, “मैं अरविंद केजरीवाल जी का और AAP की सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने केंद्र सरकार की मांग को खारिज किया। केंद्र की सरकार दिल्ली में जेल बनाना चाहती थी ताकि देशभर से जो किसान दिल्ली में आ रहे हैं उन्हें जेल में बंद कर सकें।”

वहीं किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी(PRO) ईश सिंघल ने जानकारी दी है कि, “किसान नेताओं से बातचीत के बाद दिल्ली पुलिस ने उनको शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी है, इसके लिए बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड को निर्धारित किया गया है। उनसे(किसानों) ये अपील है कि वो शांति बनाए रखें।”

इसके अलावा दिल्ली पुलिस आयुक्त ने कहा है कि, “प्रदर्शनकारी किसानों को राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। उन्हें बुराड़ी इलाके में निरंकारी समागम मैदान में विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति होगी।”

Delhi government farmer

किसानों के प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री मुख़्तार अब्बास नक़वी ने कहा कि, “नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों के हित के लिए समर्पित है, समर्पित थी, समर्पित रहेगी। अगर किसानों को कुछ भी भ्रम है तो सरकार के दरवाजें बातचीत के लिए हमेशा खुले हैं, हमने कांग्रेस की तरह नो एंट्री बोर्ड नहीं लगाया है।”