newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

भारत बंद से ठीक पहले केंद्र की एडवाइजरी जारी, राज्यों को दिए गए निर्देश

Farmers Portest: केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए कृषि संबंधी कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को दिल्ली सीमा स्थित जारी आंदोलन का 12वां दिन है और मंगलवार को किसानों ने भारत बंद बुलाया है।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए कृषि संबंधी कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। सोमवार को दिल्ली सीमा स्थित जारी आंदोलन का 12वां दिन है और मंगलवार को किसानों ने भारत बंद बुलाया है। वहीं किसानों के समर्थन में कई राजनीतिक दल आ गए हैं। कांग्रेस, बसपा, शिवसेना, एनसीपी, आम आदमी पार्टी समेत देश के तमाम विपक्षी दलों ने बंद का समर्थन किया है।

farmer protest

अपडेट-

सोमवार को केंद्र सरकार ने राज्यों के लिए भारत बंद के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराना और कोई भी अप्रिय घटना न होने देने के लिए राज्यों को निर्देशित किया गया है।

सोमवार को कई पूर्व और मौजूदा खिलाड़ी कृषि कानूनों के विरोध में अपना अवॉर्ड वापस करने राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करने निकले। हालांकि, इन सभी को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। पूर्व रेसलर करतार सिंह ने बताया, “आज हम राष्ट्रपति जी को अपने सारे अवार्ड वापस करने जा रहे हैं और उनसे अनुरोध करेंगे कि कृषि कानून को वापस लें।”

वहीं किसानों के समर्थन में पंजाबी के मशहूर कवि सुरजीत पातर ने भी पद्म पुरस्कार वापस लौटाने का ऐलान किया है। पातर ने कहा कि, मैं दिल्ली सीमा पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ केंद्र सरकार के व्यवहार से आहत हूं। बार-बार प्रयासों के बावजूद अब तक किसानों के लिए कोई निर्णायक उम्मीद नहीं बन पाई है। इसी वजह से किसानों के समर्थन में मैं अपना पद्म श्री पुरस्कार वापस कर रहा हूं।

writer Surjit Patar

यूपी के सीएम योगी ने किसान आंदोलन और आप पार्टी के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने किसानों के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए है। साथ ही उन्होंने कहा कि नए कानूनों का AAP सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया था। अब भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं।

नोएडा में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए एक व्यक्ति ने भैंस के आगे बीन बजाई।

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज हम विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस, NCP और उनके सहयोगी दलों के शर्मनाक दोहरे चरित्र को देश के सामने बताने आए हैं। आज जब इनका राजनीतिक वजूद खत्म हो रहा है तो अपना वजूद बचाने के लिए ये किसी भी विरोधी आंदोलन में शामिल हो जाते। किसान आंदोलन के नेताओं ने साफ-साफ कहा है कि राजनीतिक लोग हमारे मंच पर नहीं आएं। हम उनकी इन भावनाओं का सम्मान करते हैं। लेकिन ये सभी कूद रहे हैं, क्योंकि इन्हें भाजपा और नरेन्द्र मोदी का विरोध करने का एक और मौका मिल रहा है।

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव लखनऊ में हिरासत में लिए गए हैं। बता दें कि आज समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव किसान यात्रा की शुरुआत कर रहे थें लेकिन लखनऊ में उन्हें घर के पास ही रोका जा रहा है। उनका कहनै है कि उनकी गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। तमाम विरोध के बावजूद अखिलेश यादव कन्नौज के लिए पैदल ही रवाना हुए। जहां उन्हें रोका गया, इसके विरोध में अब वो बीच सड़क में धरने पर बैठ गए हैं।

हापुड़ में सोमवार सुबह कृषि कानूनों के विरोध में धरना प्रदर्शन और जुलूस निकालने की तैयारी में जुटे समाजवादी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी फ्रीगंज रोड पर कचहरी के बाहर से हुई। इसके बाद जब बस में भरकर सपा कार्यकर्ताओं को ले जाने लगे तो जमकर नारेबाजी हुई।

पंजाब के शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने अमृतसर में अकाल तख्त पर किसान कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में अरदास (प्रार्थना) आयोजित की।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम दिखा। गौतम बुद्ध द्वार के पास किसान आंदोलन के कारण नोएडा-लिंक रोड पर स्थित चिल्ला बॉर्डर पर आवाजाही बंद कर दी गई है। दिल्ली जाने के लिए नोएडा-लिंक रोड की बजाय DND का उपयोग करें।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और दिल्ली सरकार के अन्य मंत्रियों ने सिंघु बॉर्डर के पास गुरु तेग बहादुर मेमोरियल में किसानों से मुलाकात की और उनके लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि हम किसानों की सभी मांगों का समर्थन करते हैं। किसानों का मुद्दा और संघर्ष बिल्कुल जायज़ है। शुरू-शुरू में जब किसान बॉर्डर पर आए थे तो केंद्र सरकार, दिल्ली पुलिस ने हमसे दिल्ली के 9 स्टेडियम को जेल बनाने की इजाजत मांगी थी।

फरीदकोट के ज़िला प्रधान बिंदर सिंह गोले वाला ने कहा कि कल बंद में सभी हमारा समर्थन कर रहे हैं। सभी अपने आप बाज़ार बंद करने के लिए कह रहे हैं सभी लोग इस बंद के लिए तैयार हैं वे जानते हैं कि किसान सही है इसलिए वो हमारा समर्थन कर रहे हैं। बंद के दौरान जरूरी सेवाएं पर छूट होगी।

कृषि कानूनों के खिलाफ गाज़ीपुर बॉर्डर( यूपी-दिल्ली बॉर्डर) पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज भी जारी है। कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए किसानों को आज यहां 10 दिन हो गए हैं।

AAP के सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी की तरफ से भारत बंद को पूरा समर्थन है। मंडी वालों ने भी फैसला किया है कि दिल्ली की सारी मंडियां भी बंद रहेंगी। इस बंद को दबाव की तरह न देखा जाए, हमारे किसानों के प्रति सम्मान के भाव की तरह की तरह से सब लोगों को दुकानें बंद करनी चाहिए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने आवास से रवाना हुए।

कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज भी जारी है।

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के जिला प्रधान के लखविंदर सिंह ने कहा कि सभी जगह के लोग किसान आंदोलन में कूद पड़े हैं, ये लड़ाई इंसानियत की है। ये जन
आंदोलन है, ये लड़ाई लोग जीतेंगे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज सिंघु बॉर्डर जाएंगे। मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली सरकार के अन्य मंत्री भी जाएंगे।

बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने किसान यूनियनों द्वारा 8 दिसंबर को बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है। मायावती ने ट्वीट कर लिखा, कृषि से सम्बंधित तीन नये कानूनों की वापसी को लेकर पूरे देश भर में किसान आन्दोलित हैं व उनके संगठनों ने दिनांक 8 दिसम्बर को ’भारत बंद’ का जो एलान किया है, BSP उसका समर्थन करती है।

कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर(दिल्ली-हरियाणा) पर चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बॉर्डर पर सुरक्षा बल तैनात है।