newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Live: किसान आंदोलन का 23वां दिन, राहुल का PM पर वार, कहा-कितने किसानों को अभी देनी होगी कुर्बानी?

Farmers Protest: केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों (Farm Laws) के विरोध में किसानों का आंदोलन (Farmers Protest) शुक्रवार को 23वें दिन जारी है। दिल्ली की सीमाओं पर हजारों की संख्या में किसान डटे हुए हैं और कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग पर अड़े हैं।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों (Farm Laws) के विरोध में किसानों का आंदोलन (Farmers Protest) शुक्रवार को 23वें दिन जारी है। दिल्ली की सीमाओं पर हजारों की संख्या में किसान डटे हुए हैं और कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग पर अड़े हैं। वहीं सरकार कानूनों को वापस लेने के पक्ष में नहीं है। हालांकि बातचीत से हल निकालने की लगातार कोशिश की जा रही है और सरकार कानूनों में संशोधन के लिए भी तैयार है। वहीं आज आगे की रणनीति तय करने के लिए किसान संगठनों के नेता कॉलिन गोंजाल्वेस, दुष्यंत दवे और प्रशांत भूषण जैसे वकीलों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।

अपडेट-

किसान आंदोलन के बीच शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा है कि कितने किसानों को अभी कुर्बानी देनी होगी, ये कानून कब वापस होंगे।

किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी के महासचिव श्रवण सिंह पंढेर ने कहा कि कमेटी बनाना समस्या का हल नहीं है, पहले भी किसानों ने छोटी कमेटी बनाने से इनकार किया था। तोमर जी ने कल जो चिट्ठी लिखी है वो देश को भ्रमित करने वाली है, उसमें कुछ नया नहीं है। कुछ नया होता तो हम उस पर टिप्पणी करते।

सिंघु बॉर्डर पर किसान ठंड से बचने के लिए अधिक तम्बू की व्यवस्था कर रहे हैं। एक प्रदर्शनकारी किसान ने कहा कि हम अपने आप को लंबे समय के लिए तैयार कर रहे हैं। क्योंकि काले कानूनों के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। यह ठंड हो रही है, इसलिए हम और अधिक टेंट लगा रहे हैं।

किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी पंजाब के दयाल सिंह ने बताया, “सुप्रीम कोर्ट ने जो कमेटी बनाई है उसमें हम यकीन नहीं रखते। अगर सरकार बातचीत करके काले कानून वापस लेती है तो ठीक, नहीं तो हम ये मोर्चा नहीं छोड़ेंगे।”

किसान आंदोलन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मध्य प्रदेश के किसानों को संबोधित करेंगे।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को लेकर एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, झटीकरा बॉर्डर केवल दोपहिया और पैदल यात्रियों के लिए खुला है। दिल्ली से नोएडा की ओर जाने वाले चिल्ला बॉर्डर का एक कैरिज-वे यातायात के लिए खुला है, हालांकि नोएडा से दिल्ली के लिए दूसरा कैरिजवे बंद है।