newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Kishori Pednekar: फर्जीवाड़े में घिरीं उद्धव की करीबी और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर, मुंबई पुलिस ने दर्ज किया केस

बीजेपी के नेता किरीट सोमैया ने किशोरी और अन्य के खिलाफ पुलिस को फर्जीवाड़े की शिकायत दी थी। किरीट के मुताबिक विशेष कोर्ट ने किशोरी पेडनेकर के बेटे साईंप्रसाद पेडनेकर, उनकी कंपनी किश कॉर्पोरेट और 4 अन्य के खिलाफ 2012 में कंपनी के रजिस्ट्रेशन के वक्त जालसाजी और झूठे दस्तावेज जमा कराने का समन जारी किया था।

मुंबई। शिवसेना के उद्धव गुट की नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडनेकर मुश्किलों में फंस गई हैं। किशोरी पेडनेकर पर मुंबई पुलिस ने धोखाधड़ी समेत कई मामलों में केस दर्ज किया है। किशोरी के अलावा किश कॉर्पोरेट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के 4 लोगों पर भी केस हुआ है। मुंबई बांद्रा ईस्ट के निर्मल नगर थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। ये केस गोमाता जनता एसआरए प्रोजेक्ट के मामले में दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में अब किशोरी और 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार भी कर सकती है। इससे उद्धव ठाकरे को घेरने में भी बीजेपी और एकनाथ शिंदे गुट को मौका मिल सकता है।

fir on kishori pednekar

बीजेपी के नेता किरीट सोमैया ने किशोरी और अन्य के खिलाफ पुलिस को फर्जीवाड़े की शिकायत दी थी। किरीट के मुताबिक विशेष कोर्ट ने किशोरी पेडनेकर के बेटे साईंप्रसाद पेडनेकर, उनकी कंपनी किश कॉर्पोरेट और 4 अन्य के खिलाफ 2012 में कंपनी के रजिस्ट्रेशन के वक्त जालसाजी और झूठे दस्तावेज जमा कराने का समन जारी किया था। किरीट सोमैया का आरोप है कि किशोरी पेडनेकर ने झूठे दस्तावेज जमा कराकर किश कॉर्पोरेट कंपनी बनाई थी। इस कंपनी को कोविड केंद्र बनाने के करोड़ों के ठेके दिए गए थे। इसी मामले में अब किशोरी पेडनेकर घिरी हैं।

bjp leader kirit somaiya
किशोरी पेडनेकर पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाने वाले बीजेपी नेता किरीट सोमैया की फाइल फोटो।

किशोरी पेडनेकर को उद्धव ठाकरे का काफी करीबी माना जाता है। वो लगातार शिंदे गुट की बगावत के खिलाफ भी आवाज उठाती रही हैं। किशोरी पेशे से नर्स रही हैं। कोरोना के वक्त उन्होंने एक अस्पताल में बतौर नर्स सेवा भी दी थी। अब इसी कोरोना के दौरान फर्जीवाड़े के आरोप में किशोरी केस में फंसी हैं। किशोरी पेडनेकर के फर्जीवाड़े में घिरने से उद्धव विरोधियों को और निशाना साधने का पूरा मौका मिलने के आसार हैं। किशोरी पर केस के मामले में खबर लिखे जाने तक उद्धव ठाकरे या उनके गुट के किसी नेता की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।