newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

‘एक गांव, एक उत्पाद’ को राहुल ने बताया अपना idea, गुजरात सीएम ने दिया जबाव, फिर ट्विटर पर हो गई खिंचाई…

राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट किया, “यह अच्छा विचार है। मैंने कुछ समय पहले इसका सुझाव दिया था। इसे लागू करने के लिए मानसिकता को पूरी तरह बदलना जरूरी है।”

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल राहुल गांधी ने एक वेबसाइट में प्रकाशित वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट की खबर का लिंक शेयर करते हुए कहा है कि यह एक अच्छा विचार है और कुछ समय पहले मैंने इसका सुझाव दिया था। अब इसी ट्वीट को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने राहुल को करारा जवाब दिया है। सीएम रुपाणी ने शनिवार को राहुल गांधी पर गुजरात की योजनाओं की “नकल” करने और उन्हें अपना बताकर “पेश” करने का आरोप लगाया। आपको जानकर हैरानी होगी कि गुजरात की मुख्यमंत्री रहते आनंदीबेन पटेल ने 2016 में वन विलेज वन प्रोजेक्ट अभियान शुरू किया था।

राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट किया, “यह अच्छा विचार है। मैंने कुछ समय पहले इसका सुझाव दिया था। इसे लागू करने के लिए मानसिकता को पूरी तरह बदलना जरूरी है।”

इसका जवाब देते हुए रुपाणी ने 15 फरवरी 2016 का आनंदीबेन पटेल का ट्वीट दिखाया जब वह मुख्यमंत्री थीं। सीएम रुपाणी ने ट्वीट किया, “राहुल जी, गुजरात की पहल की नकल कर अपने नाम से पेश करना समझदारी नहीं है। मैं यह आशा नहीं करता कि आपको किसी भी चीज की जानकारी है, लेकिन जो आपकी स्क्रिप्ट लिखते हैं उन्हें तो पता होना चाहिए! आपके लिए ‘एक हार, एक बदलाव’ की नीति कैसी रहेगी?”

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी साधा निशाना

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राहुल पर तंज कसते कहा कि शायद उनकी याददाश्त कमजोर हो गई है। थोड़ा जोर डालेंगे तो याद आ जाए। भाजपा के 2017 विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में हर जिले के स्थानीय उत्पाद को बढ़ावा देने की बात कही गई थी। आज यह योजना छोटे उद्योगों और स्थानीय कामगारों के लिए वरदान साबित हो रही है।

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के यह ट्वीट करते ही लोगों ने उनकी क्लास लगानी शुरू कर दी। लोगों ने अपनी राय रखते हुए उनकी जमकर खिचाई कर डाली।