
नई दिल्ली। हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में जहर मिलाए जाने के आरोप लगाने के मामले में अरविंद केजरीवाल मुश्किल में घिरने वाले हैं। हरियाणा सरकार केजरीवाल खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने जा रही है। केजरीवाल ने कहा था कि दिल्ली की तरफ आने वाले यमुना के पानी में हरियाणा सरकार ने जहर मिलाया है। उधर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने आज दिल्ली में यमुना नदी के पल्ला घाट जाकर वहां यमुना का पानी पिया और केजरीवाल के आरोपों को गलत साबित कर दिया। उन्होंने दिल्ली की सीएम आतिशी पर भी पलटवार किया।
Delhi: Haryana Chief Minister Nayab Singh Saini arrives at Palla Ghat and drank water from the Yamuna River pic.twitter.com/mYLe3ec1fO
— IANS (@ians_india) January 29, 2025
इससे पहले हरियाणा के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने डिज़ास्टर मैनेजमेंट की धारा 2डी और 154 के तहत मामला दर्ज कराने का आदेश दिया है। सोनीपत में सीजेएम कोर्ट में केजरीवाल के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा। हरियाणा के कैबिनेट मिनिस्टर विपुल गोयल ने कहा कि केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर झूठा आरोप लगाया और इससे दिल्ली की जनता भी परेशान हुई। उधर, इस मामले को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी दिल्ली की सीएम आतिशी पर पलटवार किया है। दरअसल, नायब सिंह सैनी के दिल्ली में यमुना नदी के पल्ला घाट जाने पर आतिशी ने ट्वीट किया था, मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं, मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा को नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली वालों को जहरीला पानी भेज रही है।
इस पर सैनी ने पलटवार करते हुए जवाब दिया, आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दिल्ली में रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल के झूठे आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।