
पटना। एक दौर में चुनावी रणनीतिकार के तौर पर पहचाने जाने वाले प्रशांत किशोर ने बिहार की सियासत के बारे में अपने इरादे साफ कर दिए हैं। प्रशांत किशोर ने एलान कर दिया है कि 2025 में बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी जन सुराज पार्टी सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। प्रशांत किशोर ने ये एलान भी किया है कि इन उम्मीदवारों में कम से कम 40 महिलाएं होंगी। प्रशांत किशोर का कहना है कि उन्होंने ये संकल्प लिया है कि 2030 तक उनकी जन सुराज पार्टी से 70-80 महिला नेता सामने आएं।
प्रशांत किशोर ने पार्टियों के लिए चुनावी रणनीति बनाने का काम बंद कर बिहार में पदयात्रा शुरू की थी। करीब 1 साल उनकी पदयात्रा को हो गए। प्रशांत किशोर ने अपनी पदयात्रा के दौरान बिहार के गांव-गांव तक अपनी पहुंच बनाई। उन्होंने हर जगह जनता को बताया कि अब तक किसी भी पार्टी की सरकार ने उनको फायदा नहीं पहुंचाया। साथ ही युवाओं को रोजगार वगैरा न मिलने का मुद्दा भी प्रशांत किशोर लगातार उठाते रहे हैं। प्रशांत किशोर को सुनने के लिए तमाम जगह लोगों की भीड़ जुटी। प्रशांत किशोर ने अपनी सभाओं में लालू यादव के परिवार और बिहार के मौजूदा सीएम नीतीश कुमार के साथ ही बीजेपी को भी निशाने पर लिया है।
पिछले हफ्ते ही प्रशांत किशोर ने ये कहा था कि बिहार के गया जिले की बेलागंज और इमामगंज विधानसभा सीटों पर उप चुनाव में उनकी जन सुराज के प्रत्याशियों के भी उतरने की संभावना है। उन्होंने कहा था कि अगर 2 अक्टूबर के बाद उप चुनाव होते हैं, तो जन सुराज अपने आधिकारिक प्रत्याशी उतारेगी। अगर चुनाव 2 अक्टूबर से पहले होते हैं, तो जन सुराज प्रत्याशी चुनेगी और उनको निर्दलीय के तौर पर लड़ाएगी। महिला वोटरों को भी जन सुराज से जोड़ने में प्रशांत किशोर जुटे हैं। उन्होंने रविवार को पटना में राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन कराया। ताकि महिलाओं में नेतृत्व की क्षमता विकसित की जा सके। प्रशांत किशोर ने पहले ही ये वादा किया है कि अगर 2025 में उनकी पार्टी की सरकार बिहार में बनी, तो एक साल में ही किसी को भी 10 से 12 हजार रुपए का रोजगार खोजने बिहार से नहीं जाना होगा। प्रशांत किशोर लगातार लोगों से ये आग्रह भी कर रहे हैं कि वे अपने बच्चों के भविष्य के बारे मे सोचकर वोट दें।