Draupadi Murmu Oath Ceremony: जोहार !, राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू ने पहले संबोधन में कही ये बात

Draupadi Murmu Oath Ceremony: अब द्रौपदी मुर्मू सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति बन गई हैं। 64 साल  की द्रौपदी मुर्मू पहली राष्ट्रपति हैं, जो देश की आजादी के बाद पैदा हुईं। इसके अलावा वो जनजातीय समाज से पहली राष्ट्रपति भी हैं। 

Avatar Written by: July 25, 2022 11:32 am
dropadi murmu..

नई दिल्ली। आज, सोमवार 25 जुलाई को देश को 15वें राष्ट्रपति मिल गया है। द्रौपदी मुर्मू ने देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। द्रौपदी मुर्मू पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ संसद पहुंचीं जहां सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस एनवी रमना ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। जैसे ही द्रौपदी मुर्मू पद की शपथ लेनी शुरू करती हैं तो संसद का सेंट्रल हॉल वहां मौजूद लोगों की डेस्क पर थाप की आवाज से गूंज उठा। इसके साथ ही अब द्रौपदी मुर्मू सबसे कम उम्र की राष्ट्रपति बन गई हैं। 64 साल  की द्रौपदी मुर्मू पहली राष्ट्रपति हैं, जो देश की आजादी के बाद पैदा हुईं। इसके अलावा वो जनजातीय समाज से पहली राष्ट्रपति भी हैं।

क्या कहा द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में…

अपने संबोधन की शुरूआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जोहार! नमस्कार ! के साथ करती हैं। इसके आगे द्रौपदी मुर्मू ने कहती हैं, ”मैं भारत के समस्त नागरिकों की आशा-आकांक्षा और अधिकारों की प्रतीक इस पवित्र संसद से सभी देशवासियों का पूरी विनम्रता से अभिनंदन करती हूं। आपकी आत्मीयता, विश्वास और आपका सहयोग, मेरे लिए इस नए दायित्व को निभाने में मेरी बहुत बड़ी ताकत होंगे।”


आपका मत देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास की अभिव्यक्ति

इसके आगे भारत की नई राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू कहती हैं कि ”मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना गया है जब हम अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आज से कुछ दिनों के बाद ही देश स्वाधीनता के 75 साल पूरा करने जा रहा है। मुर्मू ने कहा कि उन सभी सांसदों और सभी विधानसभा सदस्यों का हार्दिक आभार जिन्होंने मुझे भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित करने में समर्थन दिया। आपका मत देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास की अभिव्यक्ति है।”

ये जिम्मेदारी मिलना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है- मुर्मू 

इसके आगे द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक समय में जब भारत अगले 25 सालों के विजन को हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा से अग्रसर है ऐसे वक्त में मुझे ये जिम्मेदारी मिलना बड़ा सौभाग्य है। मुर्मू ने कहा कि ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का उत्सव मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी और आज आजादी के 75वें साल में मुझे ये नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

droupadi murmu as governor

निर्वाचन में देश के गरीब का आशीर्वाद- मुर्मू 

अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरे इस निर्वाचन में देश के गरीब का भी आशीर्वाद जुड़ा हुआ है। इस आशीर्वाद में देश की करोड़ों महिलाओं और बेटियों के सपनों और सामर्थ्य की झलक है। मुर्मू ने कहा कि मेरे लिए बहुत संतोष की बात है कि जो सदियों से इससे वंचित रहे, जो विकास के लाभ से कोसों दूर रहे, वे गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी मुझ में आज अपना प्रतिबिंब देख रहे होंगे।