Ajab Gazab: जानिए, काली माता के उस मंदिर के बारे में, जहां प्रसाद में मिलता है चाउमीन और मंचूयिरन, चायनीज फूड का लगता है भोग

Ajab Gazab: मंदिर में स्थित माता के दर्शन करने के लिए हिंदू भक्तों के साथ-साथ चीनी और बौद्ध धर्म से जुड़े लोग भी आते हैं। इसी अनोखी परंपरा के कारण काली माता को समर्पित ये मंदिर दुनिया भर में मशहूर है। तो आइए जानते हैं इस मंदिर की और क्या-क्या खासियतें हैं…

Avatar Written by: September 23, 2022 1:51 pm

नई दिल्ली। रहस्यों से भरी इस दुनिया में कई ऐसे आश्चर्य हैं जिनके बारे में जानकर लोगों को हैरानी होती है। इस सप्ताह मां दुर्गा को समर्पित नवरात्रि का आरंभ हो जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस शुभ अवसर पर आज हम आपको एक ऐसे ही अनोखे मंदिर के बारे में बताने वाले हैं, जहां पर भगवान को नूडल्स और चाऊमीन का भोग लगाने की परंपरा है। इस मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को प्रसाद के तौर पर चाइनीज फूड दिया जाता है। ‘चाइनीज काली माता’ के मंदिर के नाम से मशहूर ये अनोखा मंदिर पश्चिम बंगाल के टेंगरा में स्थित है। नवरात्रि के दौरान इस मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ इकट्ठा होती है। यहां माता के दर्शन करने के लिए हिंदू भक्तों के साथ-साथ चीनी और बौद्ध धर्म से जुड़े लोग भी आते हैं। इसकी अनोखी परंपरा के कारण काली माता को समर्पित ये मंदिर दुनिया भर में मशहूर है। तो आइए जानते हैं इस मंदिर की और क्या-क्या खासियतें हैं…

इस मंदिर के इतिहास की बात करें, तो इसका निर्माण चीनी लोगों द्वारा करवाया गया था। कहा जाता है कि किसी समय में इस स्थान पर एक पेड़ हुआ करता था, जिसके नीचे कुछ काले पत्थर रखे हुए थे। इन पत्थरों की पूजा मां काली के प्रतीक के तौर पर की जाती थी। यहीं थोड़ी दूरी पर कुछ चीनी लोगों का निवास स्थान भी था। एक बार एक चीनी लड़के की तबियत खराब हो गई। उस लड़के के बचने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही थी। तब उस लड़के के माता-पिता ने अपने बच्चे के स्वास्थ्य को ठीक करने के लिए माता से गुहार लगाई और पूरे श्रद्धा भाव से मां काली की पूजा की। इसके बाद वो लड़का पूरी तरह से स्वस्थ हो गया इससे उसके माता-पिता ने खुश होकर पेड़ वाले स्थान पर माता काली के मंदिर का निर्माण कराया।

तब से चीनी लोग यहां दर्शन करने के लिए आने लगे। मंदिर के पुजारी भी चीनी हैं और भक्तों को प्रसाद के रूप में मंचूरियन, फ्राइड राइस, चाउमीन समेत तरह-तरह के चायनीज फूड दिए जाते हैं। माता के दर्शन के लिए आने वाले भक्त इस मंदिर के भीतर हाथ से बने एक पेपर को जलाते हैं। उनका मानना है कि ऐसा करने से जीवन में सकारात्मकता आने के साथ बुरी आत्माएं भी उनसे काफी दूर रहती हैं।

Latest