Bihar Politics: लगातार 12वीं बार राजद के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए लालू यादव

Bihar Politics: आज दिल्ली में आरजेडी का राष्ट्रीय सम्मेलन हो रहा है। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ही इस सम्मेलन में शामिल नहीं हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए इसमें शामिल होने से इनकार किया है।

Avatar Written by: October 9, 2022 4:22 pm

नई दिल्ली। दिल्ली में आरजेडी के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान रविवार को राजद ने अपने नए अध्यक्ष का चुनाव कर लिया है। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय कांग्रेस में अब भी पार्टी अध्यक्ष को लेकर कश्मकश चल रही है। राजद ने लगातार 12वीं बार लालू प्रसाद यादव को निर्विरोध अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। लालू के अलावा किसी ने भी नामांकन दायर नहीं किया था, इसलिए उन्हें निर्विरोध ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया।

गौरतलब है कि आज दिल्ली में आरजेडी का राष्ट्रीय सम्मेलन हो रहा है। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ही इस सम्मेलन में शामिल नहीं हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए इसमें शामिल होने से इनकार किया है। वहीं बीजेपी ने इसपर टिप्पणी करते हुए जगदानंद सिंह को पुत्र मोह से पीड़ित बताया है।

इस बारे में बात करते हुए बीजेपी के प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के दिल्ली में पार्टी राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग नहीं लेने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि लालू यादव की तरह वह भी पुत्र मोह से पीड़ित है। दरअसल, कृषि मंत्री के पद से इस्तीफा देने के लिए सुधाकर सिंह को मजबूर किया गया था, जोकि जगदानंद सिंह के बेटे है। सूत्रों के मुताबिक इसलिए ही जगदानंद सिंह आरजेडी से नाराज बताए जा रहे हैं।