newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Janmashtami: गृहस्थ हैं तो आज ही मनाएं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, यहां जानिए पूजा का मुहूर्त

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए भाद्रपद की अष्टमी तिथि होना जरूरी है। इसी तिथि की रात 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने की परंपरा है। पंचांग के अनुसार इस साल भाद्र महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी आज रात 9 बजकर 20 मिनट पर लगेगी। अष्टमी कल रात 10 बजकर 59 मिनट तक रहेगी।

नई दिल्ली। आज हिंदू धर्म को मानने वालों का एक और बड़ा पर्व है। ये पर्व जन्माष्टमी का है। मान्यता है कि भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा में कंस के कारागार में हुआ था। वो वासुदेव और देवकी की आठवीं संतान थे। जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के बालरूप यानी लड्डू गोपाल रूप की पूजा की जाती है। हर साल की तरह इस बार भी लोगों के मन में संशय है कि जन्माष्टमी का पर्व आज यानी 18 अगस्त को है या 19 अगस्त को। आपके मन में भी अगर जन्माष्टमी पर्व को लेकर संशय है, तो उसे हम दूर कर देते हैं।

janmashtami 1

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए भाद्रपद की अष्टमी तिथि होना जरूरी है। इसी तिथि की रात 12 बजे श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने की परंपरा है। पंचांग के अनुसार इस साल भाद्र महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी आज रात 9 बजकर 20 मिनट पर लगेगी। अष्टमी कल रात 10 बजकर 59 मिनट तक रहेगी। ऐसे में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूजा का मुहूर्त आज ही है। इसलिए आज जन्माष्टमी मनाई जाएगी। वैसे तो श्रीकृष्ण जन्म के बारे में मान्यता है कि उस समय रोहिणी नक्षत्र था, लेकिन इस साल रोहिणी नक्षत्र 20 अगस्त को रात 1 बजकर 53 मिनट से 21 अगस्त तड़के 4 बजकर 40 मिनट पर है। ऐसे में उस दौरान अष्टमी तिथि न होने से आज ही श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने की बात पंचांगों में बताई गई है।

janmashtami 2

आप ऐसे में आज रात 12 बजे लड्डू गोपाल की पूजा कर कल यानी शुक्रवार की सुबह व्रत का पारण कर लें। जानकारों के मुताबिक आज जन्माष्टमी की पूजा का शुभ मुहूर्त रात 12 बजकर 03 मिनट से 12 बजकर 47 मिनट तक है। इसी दौरान भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा आपको करनी है। पंचांग के अनुसार आज गृहस्थ लोग जन्माष्टमी का पर्व मनाएंगे। वहीं, वैष्णव समुदाय कल 19 अगस्त को इस पर्व को मनाएगा। मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कल ही जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा।