गुरुग्राम में इस जगह एकसाथ रखे गए हैं मप्र के सभी भाजपा विधायक

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश के अपने सभी विधायकों को हरियाणा के मानेसर स्थित द ग्रैंड आईटीसी होटल में ठहराया है।

Avatar Written by: March 11, 2020 2:50 pm
BJP

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश के अपने सभी विधायकों को हरियाणा के मानेसर स्थित द ग्रैंड आईटीसी होटल में ठहराया है। दिल्ली से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस पांच सितारा होटल में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी पहुंचे हैं। वहीं आम लोगों एवं निजी वाहनों का प्रवेश यहां पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। होटल परिसर में केवल भाजपा के वरिष्ठ नेता ही मध्य प्रदेश से आए हुए अपने इन विधायकों से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, मध्य प्रदेश के तीन कांग्रेस विधायक भी इसी आईटीसी होटल में मौजूद हैं। कांग्रेस के ये वही तीन विधायक हैं, जिन्हें कांग्रेस पार्टी मिसिंग बता रही है।

BJP

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश की राजनीति में खासा दखल रखने वाले कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को यहां आईटीसी ग्रैंड होटल में पहुंचकर भाजपा विधायकों से मुलाकात की। कैलाश विजयवर्गीय के साथ हरियाणा भाजपा के प्रभारी और राज्यसभा सांसद अनिल जैन भी आईटीसी ग्रैंड के मानेसर स्थित इस होटल में पहुंचे हैं।

bjp Congresss

मध्य प्रदेश के भाजपा विधायकों की सुरक्षा को लेकर हरियाणा पुलिस के उच्च अधिकारी होटल में मौजूद हैं। आईटीसी होटल के नजदीक से गुजरने वाले ग्राम पंचायत के रास्ते को भी बंद कर दिया गया है। यह मार्ग बंद किए जाने से यहां स्थानीय ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

bjp shivsena

मध्यप्रदेश में हुई राजनीतिक उथल-पुथल के बाद इन सभी भाजपा विधायकों को यहां मानेसर स्थित होटल में ठहराया गया है। कांग्रेस के कई नेता जहां भाजपा विधायकों से संपर्क होने की बात कह रहे हैं, वहीं भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “हमारे सभी विधायक एक साथ मौजूद हैं। भाजपा का विधायक दल पूरी तरह से एकजुट है और सदन में बहुमत परीक्षण के दौरान कांग्रेस के दावे पूरी तरह से झूठे साबित होंगे।”

bjp symbol

मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार को झटका देते हुए कांग्रेस के 22 विधायक विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। इसके बाद देर रात भाजपा के 106 विधायक भोपाल से विशेष विमान के जरिए दिल्ली आए। दिल्ली एयरपोर्ट से विधायकों को ग्रुरुग्राम के इस एक होटल में ठहराया गया है। भाजपा विधायकों के साथ कैलाश विजयवर्गीय भी दिल्ली आए हैं। भोपाल एयरपोर्ट पर भाजपा विधायकों से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे थे।