newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Matrize Survey On Maharashtra And Jharkhand: महाराष्ट्र और झारखंड में किसकी बनेगी सरकार?, देखिए मैटराइज के सर्वे का नतीजा

Matrize Survey On Maharashtra And Jharkhand: झारखंड में 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरण में विधानसभा के चुनाव होने हैं। वहीं महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। झारखंड में विधानसभा की 81 सीट हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीट हैं। इन दोनों ही राज्यों के लिए मैटराइज का सर्वे आया है।

नई दिल्ली। झारखंड में 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरण में विधानसभा के चुनाव होने हैं। वहीं महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी। झारखंड में विधानसभा की 81 सीट हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीट हैं। झारखंड में बहुमत के लिए 41 सीटों की जरूरत होगी। वहीं, महाराष्ट्र में बहुमत का आंकड़ा 145 है। इस बार सबकी नजर इस पर है कि महाराष्ट्र में बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार के एनसीपी गुट की महायुति फिर सत्ता संभालेगी या कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी और शरद पवार के एनसीपी गुट वाली महाविकास अघाड़ी को जनता चुनेगी? वहीं, झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी के महागठबंधन और बीजेपी के बीच सत्ता के लिए मुकाबला है। तो चलिए आपको बताते हैं कि ताजा सर्वे क्या बता रहा है?

Maharashtra

मैटराइज ने महाराष्ट्र और झारखंड के लिए जो ताजा सर्वे किया है, उसके आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र और झारखंड में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के लिए अच्छी खबर के आसार नहीं हैं। मैटराइज के सर्वे के मुताबिक महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति को 145 से 165 सीट मिल सकती हैं। वहीं, महाविकास अघाड़ी को 106 से 126 सीटों पर संतोष करना पड़ सकता है। सत्तारूढ़ महायुति को 47 और महाविकास अघाड़ी को 41 फीसदी जनता का समर्थन होना इस सर्वे में बताया गया है। मैटराइज के सर्वे के मुताबिक बीजेपी को पश्चिमी महाराष्ट्र में 48 फीसदी, विदर्भ में 48 फीसदी और ठाणे-कोंकण इलाकों में 52 फीसदी तक वोट मिल सकता है।

वहीं, झारखंड के लिए मैटराइज के सर्वे में दावा किया गया है कि बीजेपी को यहां 45 से 50 सीट मिल सकती हैं। वहीं, जेएमएम के नेतृत्व वाले महागठबंधन को 18 से 25 सीटें ही मिलने का अनुमान जताया गया है। मैटराइज के सर्वे में कहा गया है कि बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन को झारखंड में 53 फीसदी वोट मिलेंगे। जबकि, सत्तारूढ़ महागठबंधन के दलों को 27.9 फीसदी ही वोट मिल सकते हैं। अगर विधानसभा चुनाव के नतीजे भी इस सर्वे के मुताबिक ही आते हैं, तो इससे कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को बड़ा झटका लगेगा। इसकी वजह ये है कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी को महायुति के मुकाबले ज्यादा जनसमर्थन मिला था। बीते दिनों ही कांग्रेस को हरियाणा में भी चुनाव हारकर झटका लग चुका है।