नई दिल्ली। अयोध्या में बरसों की प्रतीक्षा खत्म हो गई। पीएम मोदी के हाथों आज राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन हुआ। पीएम मोदी के भूमि पूजन करने के साथ ही पूरा देश ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा।
पीएम मोदी के साथ इस दौरान यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास भी बैठे रहे।
मंदिर बनाने के लिए कई लोगों ने दिया बलिदान– मोहन भागवत
भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद अब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि मंदिर बनाने के लिए कई लोगों ने बलिदान दिया। आज उनके बलिदान के कारण राम मंदिर बनने जा रहा है। आज हमारा संकल्प पूरा हुआ।
आज पूरा देश आनंद में है- मोहन भागवत
मोहन भागवत ने कहा, ”आज हमें तीस साल की मेहनत का फल मिला है। मंदिर निर्माण के लिए हजारों लोगों ने बलिदान दिया। आज हमारा संकल्प पूरा हो गया है। अब अयोध्या की धरती पर भव्य राम मंदिर बनेगा।” आगे उन्होंने कहा, ”सदियों की आस पूरी होने पर आज पूरा देश आनंद में है।”
पूरे देश में आनंद की लहर है, सदियों की आस पूरी होने का आनंद है। सबसे बड़ा आनंद है भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिस आत्मविश्वास की आवश्यकता थी और जिस आत्म भान की आवश्यकता थी उसका सगुण साकार अधिष्ठान बनने का शुभआरंभ आज हो रहा है: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत pic.twitter.com/9bFSwYbgLZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 5, 2020
इसके अलावा उन्होंने कहा, ”जिनका जो काम है वो करेंगे, अब हम सब लोगों को अपने मन की अयोध्या को सजाना सवांरना है। हिंदू धर्म सबकी उन्नती करने वाला और सबको समान मानने वाला धर्म है।” उन्होंने कहा, ”यहां जैसे-जैसे मंदिर बनेगा, वो अयोध्या भी बननी चाहिए।”