newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Congress President: कांग्रेस को आज मिलेगा नया अध्यक्ष, 10 बजे से वोटों की गिनती, खड़गे और थरूर के बीच हुआ था मुकाबला

आज शाम को कांग्रेस को उसका नया अध्यक्ष मिल जाएगा। दो दशक बाद कांग्रेस को गैर गांधी परिवार का अध्यक्ष भी मिलने जा रहा है। कांग्रेस के नए अध्यक्ष पद के लिए 80 साल के मल्लिकार्जुन खड़गे और 66 साल के शशि थरूर के बीच मुकाबला है। 17 अक्टूबर को इस पद के लिए वोटिंग हुई थी। वोटिंग के लिए देशभर में 38 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

नई दिल्ली। आज शाम को कांग्रेस को उसका नया अध्यक्ष मिल जाएगा। दो दशक बाद कांग्रेस को गैर गांधी परिवार का अध्यक्ष भी मिलने जा रहा है। कांग्रेस के नए अध्यक्ष पद के लिए 80 साल के मल्लिकार्जुन खड़गे और 66 साल के शशि थरूर के बीच मुकाबला है। 17 अक्टूबर को इस पद के लिए वोटिंग हुई थी। उस दिन 9915 में से 9500 से ज्यादा निर्वाचक मंडल सदस्यों ने वोट डाले थे। वोटिंग के लिए देशभर में 38 मतदान केंद्र और 60 से ज्यादा बूथ बनाए गए थे। राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक के बेल्लारी में एक कंटेनर में बनाए गए बूथ में वोट डाला था। जबकि, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में वोटिंग की थी।

sonia priyanka cast vote in congress president election

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार वोटिंग कराई गई। आज सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती होगी। इसके लिए सभी राज्यों में पड़े वोटों को बैलट बॉक्स से निकालकर एक साथ मिलाया जाएगा। उसके बाद गिनती शुरू होगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि किसी को ये न पता चल सके कि किस राज्य से किस उम्मीदवार को कितने वोट मिले। कांग्रेस ने अध्यक्ष पद के चुनावों को कराने की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री को सौंपी थी। उन्होंने अब तक की चुनाव प्रक्रिया को अच्छे से पूरा कराया है।

sonia and rahul gandhi

कांग्रेस में अध्यक्ष पद के चुनाव तो हुए हैं, लेकिन माना यही जा रहा है कि नेहरू-गांधी खानदान के करीबी मल्लिकार्जुन खड़गे ही सबकी पसंद हैं। उनके मुकाबले खड़े शशि थरूर ने बयान भी दिया था कि वो कई राज्यों में गए, जहां स्थानीय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष या उनकी कार्यकारिणी के सदस्यों ने उनसे मिलना तक गवारा नहीं किया। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत की तरफ से खड़गे के पक्ष में जारी बयान को भी शशि थरूर ने गलत बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। शशि थरूर उन 23 नेताओं में शामिल रहे हैं, जिन्होंने कांग्रेस को चलाने के नेहरू-गांधी परिवार के तौर-तरीकों पर सवाल खड़े किए थे। ऐसे में माना ये जाता है कि वो इस परिवार के गुड बुक में नहीं हैं। हालांकि, सोनिया गांधी ने चुनाव से पहले ही ये एलान कर दिया था कि वो, राहुल और प्रियंका किसी खास प्रत्याशी का समर्थन नहीं कर रहे हैं।