
मुंबई। एक्टर सैफ अली खान पर जानलेवा हमला करने वाले शख्स को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पुलिस को अपने कई नाम बताए। उसने अपना नाम बीजे बताया। फिर सैफ अली खान के हमलावर ने अपना नाम विजय दास, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद आलियान भी बताया। मुंबई पुलिस के मुताबिक उसका असली नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है। जानकारी ये है कि सैफ अली खान के हमलावर के पास आधार कार्ड या कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसके नाम या पते की तस्दीक की जा सके। हालांकि, वो खुद को पश्चिम बंगाल का रहने वाला बता रहा है। मुंबई पुलिस रिमांड हासिल कर उसके बयान की तस्दीक कराने जा रही है। मुंबई पुलिस को ये शक है कि सैफ अली खान का हमलावर बांग्लादेशी नागरिक भी हो सकता है।
#WATCH | Saif Ali Khan Attack case | Mumbai: DCP Zone 9 Dixit Gedam says, “On January 16, at 2 am, actor Saif Ali Khan was attacked at his residence. FIR was registered and one accused has been arrested. His name is Mohammad Shariful Islam Shehzad, he is 30 years old. He entered… pic.twitter.com/8ycVV3CLxI
— ANI (@ANI) January 19, 2025
सैफ अली खान के हमलावर को मुंबई और ठाणे पुलिस की टीमों ने ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट के पास मेट्रो स्टेशन निर्माण स्थल की लेबर कॉलोनी की एक झाड़ी में सोते वक्त पकड़ा। वो पहले एक पब में हाउसकीपिंग का काम कर चुका है। ये पब ठाणे में ही है। इससे पहले हमलावर के कई सीसीटीवी फुटेज मिले थे। इनमें हमले से पहले और बाद में वो गहरे रंग की टी-शर्ट और अंगोछे के साथ दिखा था। बाद में पीली और नीली टी-शर्ट पहने उसके सीसीटीवी फुटेज मुंबई पुलिस ने हासिल किए थे। सैफ पर हमले का आरोपी ठाणे पहुंचने से पहले मुंबई के बांद्रा और दादर भी गया था। एक दुकान से उसने इयरफोन भी खरीदा।
सैफ अली खान पर 16 जनवरी 2025 की रात करीब 2.30 बजे हमलावर ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। चाकू का 2.5 इंच का टुकड़ा सैफ की रीढ़ के पास टूटकर रह गया था। जिसे डॉक्टरों ने सर्जरी कर निकाला था। सैफ की गर्दन और हाथ पर भी चाकू लगा था। जिस ऑटो से सैफ को लीलावती अस्पताल ले जाया गया था, उसके ड्राइवर ने बताया था कि एक्टर खून से तरबतर थे। वहीं, सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर खान ने पुलिस को बताया था कि हमलावर ने घर में खुली रखी ज्वेलरी या कोई चीज नहीं चुराई। सैफ की महिला कर्मचारी ने बताया था कि हमलावर 1 करोड़ रुपए की मांग कर रहा था।