अब पंजाब की अमरिंदर सरकार में फोन टैपिंग, खुद कांग्रेसी विधायकों ने जड़ा आरोप
पंजाब की अमरिंदर सिंह सरकार एक नए विवाद से गिर गई है। यह विवाद फोन टैपिंग का है। आरोप लगाने वाले कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस के अपने ही एमएलए हैं।
नई दिल्ली। पंजाब की अमरिंदर सिंह सरकार एक नए विवाद से गिर गई है। यह विवाद फोन टैपिंग का है। आरोप लगाने वाले कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस के अपने ही एमएलए हैं। कुछ दिनों पहले ही प्रियंका गांधी के फ़ोन टैप करने के मामले में कांग्रेस ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला था लेकिन अब खुद पंजाब में उसके अपने विधायक फ़ोन टैप करने की शिकायत कर रहे है। विपक्ष भी कैप्टन सरकार पर चुटकी ले रहा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पटियाला ज़िले में आने वाले कई इलाक़ों के विधायकों ने ही ये शिकायत की है। उनका आरोप है कि उनके फ़ोन पंजाब पुलिस ही टैप कर रही है। मुख्यमंत्री के पटियाला ज़िले के विधायक अपनी ही सरकार और अपनी ही पुलिस से इस कदर परेशान है कि अपनी बात रखने रखने के लिए उन्होंने मीडिया का सहारा लिया।
पंजाब के समाना के विधायक राजिंदर सिंह ने दावा किया है कि उनके परिवार के फोन टैप हो रहे हैं। इसकी शिकायत पुलिस अफसरों को दी गयी है लेकिन फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी तरह राजपुरा के विधायक हरदियाल कम्बोज और घनौर के विधायक मदन सिंह जलालपुर ने भी इन आरोपो का समर्थन किया है।
इससे पहले मदन सिंह जलालपुर ने अपनी सरकार व पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा था कि पंजाब में जंगलराज है और पुलिस विधायकों की भी नहीं सुन रही।
कांग्रेस विधायकों के इन आरोपो के बाद अब विपक्ष ने भी सरकार पर आरोप लगाए हैं कि उनके फ़ोन भी टैप हो सकते है। फिलहाल सरकार इन आरोपों पर चुप है मगर मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है।