पाकिस्तानी सेना ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, सैनिक शहीद, 3 घायल

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा बिना किसी उकसावे के किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन में रविवार को सेना का एक जवान शहीद हो गया और तीन अन्य लोग घायल हो गए।

Avatar Written by: June 14, 2020 5:18 pm

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा बिना किसी उकसावे के किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन में रविवार को सेना का एक जवान शहीद हो गया और तीन अन्य लोग घायल हो गए। इसके बाद पाकिस्तानी सेना द्वारा एक और संघर्ष विराम उल्लंघन बारामूला जिले में नियंत्रण रेखा पर किया गया। सेना के सूत्रों ने कहा, “आज (रविवार को) सुबह किरनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलाबारी व गोलीबारी में एक सैनिक शहीद हो गया और तीन सैनिक घायल हो गए। भारतीय सेना जबाबी कार्रवाई कर रही है। घायल सैनिकों को अस्पताल भेज दिया गया है।”

बाद में, रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा कि पाकिस्तान के सैनिकों ने रविवार सुबह बारामूला जिले के रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास अकारण संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, मोर्टार दागे और अन्य हथियारों से गोलीबारी की।

उन्होंने कहा, “इसका मुंहतोड़ जबाव दिया गया।”

jammu kashmir ceasefire violation

पिछले हफ्ते भी राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी संघर्ष विराम उल्लंघन में एक भारतीय सैनिक शहीद हो गया था और एक नागरिक घायल हो गया था।

शनिवार को बारामूला जिले में एलओसी के उरी सेक्टर में पाकिस्तान की गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

jammu kashmir ceasefire

लगभग एक महीने से, पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। इससे भारतीय अधिकारियों को उरी में नियंत्रण रेखा क्षेत्र से कई परिवारों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजना पड़ा। पाकिस्तान की गोलाबारी ने शनिवार को इस क्षेत्र में कई घरों और निजी वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया, साथ ही मवेशियों को मार डाला।