newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

केरल के संत केशवानंद भारती के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई दिग्‍गजों ने जताया शोक

संविधान के मूल ढांचे का सिद्धांत दिलाने वाले संत केशवानंद भारती (Seer Kesavananda Bharati) का रविवार को 79 वर्ष की आयु में केरल में निधन हो गया।

नई दिल्ली। संविधान के मूल ढांचे का सिद्धांत दिलाने वाले संत केशवानंद भारती (Seer Kesavananda Bharati) का रविवार को 79 वर्ष की आयु में केरल में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू (Vice President Venkaiah Naidu) ने शोक संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संत केशवानंद कई पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

Seer Kesavananda Bharati

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “हम पूज्य केशवानंद भारती जी को उनकी सामुदायिक सेवा और शोषितों को सशक्त करने के उनके प्रयासों के लिए हमेशा याद रखेंगे। उनका देश के संविधान और समृद्ध संस्कृति से गहरा लगाव था। वह पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। ओम शांति।”

सन 1973 में केशवानंद भारती ने केरल भूमि सुधार कानून को चुनौती दी थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के मूल ढांचे का सिद्धांत दिया था। उक्त फैसला सर्वोच्च अदालत की अब तक की सबसे बड़ी पीठ ने दिया था जिसमें 13 न्यायमूर्ति शामिल थे। केशवानंद भारती बनाम केरल राज्य के चर्चित मामले पर कुल 68 दिन तक सुनवाई हुई थी।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने संत केशवानंद भारती के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “केशवनंद भारती स्वामी जी, जोकि एडनीर मठ के संत थे, वह दार्शनिक, शास्त्रीय गायक और सांस्कृतिक प्रतीक का एक दुर्लभ मेल थे।”

गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि एक महान दार्शनिक और द्रष्टा के रूप में स्वामी केशवानंद भारती जी का निधन राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति है। हमारी परंपरा और लोकाचार की रक्षा के लिए उनका योगदान समृद्ध और अविस्‍मरणीय है। उनको हमेशा भारतीय संस्कृति के प्रतीक के रूप में याद किया जाएगा। उनके अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।

सांस्कृतिक और संवैधानिक मूल्यों के लिए जाने जाएंगे स्वामी केशवानंद भारती : जेपी नड्डा

संत केशवानंद भारती के निधन पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शोक जताया है। उन्होंने कहा है कि स्वामी केशवानंद भारती को उनके सामाजिक, सांस्कृतिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए याद किया जाएगा। स्वामी केशवानंद भारती ने रविवार सुबह इडनीर मठ में आखिरी सांस ली।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने शोक संदेश में कहा, “केरल के इडनीर मठ, कासरगोड के प्रमुख और आध्यात्मिक नेता स्वामी केशवानंद भारती जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। आपके सामाजिक प्रयास, सांस्कृतिक और संवैधानिक मूल्यों के योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।”