newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

G20 Summit In Bali: जी-20 देशों की बैठक के लिए आज इंडोनेशिया के बाली जाएंगे PM मोदी, 10 नेताओं से होगी वन-टू-वन मीटिंग, भारतीयों को भी करेंगे संबोधित

बाली में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल बदलाव, अर्थव्यवस्था पर चर्चा होगी। इसके अलावा सभी नेता अन्य विषयों को भी उठा सकते हैं। माना जा रहा है कि मोदी यहां वैश्विक आतंकवाद और यूक्रेन-रूस जंग के विषय पर भी चर्चा कर सकते हैं। जी-20 में दुनिया के प्रमुख विकसित और विकासशील देश हैं।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी आज इंडोनेशिया के बाली जाएंगे। वहां जी-20 देशों का शिखर सम्मेलन है। इस शिखर सम्मेलन में दुनिया के 20 बड़े और महत्वपूर्ण अर्थव्यवस्था वाले देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक है। इस बैठक में वैश्विक खाद्य सुरक्षा, आतंकवाद, ऊर्जा और अर्थव्यवस्था के मुद्दों के अलावा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर नेताओं के बीच चर्चा होगी। पीएम मोदी यहां 10 राष्ट्रों के प्रमुखों से वन टू वन मीटिंग भी करेंगे। इसके अलावा वो 15 नवंबर को इंडोनेशिया में बसे भारतीय मूल के लोगों से भी मुलाकात कर उनको संबोधित करेंगे। जी-20 देशों का सम्मेलन 15 और 16 नवंबर को होगा। इस दौरान इंडोनेशिया इस संगठन की अध्यक्षता भारत को सौंपेगा।

modi in g20 summit

जी-20 देशों के सम्मेलन में मोदी के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों, जर्मनी के चांसलर ओलाफ शुल्ज और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी हिस्सा लेंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन इस बैठक में नहीं आ रहे हैं। उनकी जगह रूस का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे। विदेश सचिव विनय क्वात्रा के मुताबिक चीन के राष्ट्रपति से मोदी की मुलाकात के बारे में अभी कुछ तय नहीं है। बता दें कि चीन और भारत के बीच पूर्वी लद्दाख के मसले पर साल 2020 से तनातनी चल रही है। बीते दिनों समरकंद में हुए एससीओ बैठक में मोदी और जिनपिंग थे, लेकिन दोनों के बीच कोई बैठक नहीं हुई थी।

modi summit

बाली में खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल बदलाव, अर्थव्यवस्था पर चर्चा होगी। इसके अलावा सभी नेता अन्य विषयों को भी उठा सकते हैं। माना जा रहा है कि मोदी यहां वैश्विक आतंकवाद और यूक्रेन-रूस जंग के विषय पर भी चर्चा कर सकते हैं। जी-20 में दुनिया के प्रमुख विकसित और विकासशील देश हैं। इस संगठन में भारत के अलावा अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ हैं।