newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

निर्भया के दोषियों की फांसी के बाद प्रधानमंत्री मोदी बोले, आज न्याय हुआ

निर्भया सामूहिक दुष्कर्म और हत्याकांड के चारों दोषियों को तिहाड़ जेल में शुक्रवार सुबह ठीक 5.30 बजे फांसी दे दी गई। इसके साथ ही तिहाड़ में पहली बार एक साथ चार लोगों को फांसी दी गई है। जिसके बाद से पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ रही है।

नई दिल्ली। निर्भया सामूहिक दुष्कर्म और हत्याकांड के चारों दोषियों को तिहाड़ जेल में शुक्रवार सुबह ठीक 5.30 बजे फांसी दे दी गई। इसके साथ ही तिहाड़ में पहली बार एक साथ चार लोगों को फांसी दी गई है। जिसके बाद से पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ रही है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने कहा है कि आज न्याय हुआ।

PM Narendra Modi

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘न्याय हुआ, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इसका अत्यधिक महत्व है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘हमारी नारी शक्ति ने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. हमें मिलकर एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना है, जहां महिला सशक्तीकरण पर ध्यान दिया जाए और जहां समानता और अवसर पर जोर हो।’

निर्भया के दोषियों को फांसी के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस पर खुशी जताई है और कहा है कि मैं इस दिन का अभिवादन करती हूं कि आखिरकार निर्भया को न्याय मिला है। निर्भया कांड के दोषियों को फांसी की सजा हर अपराधी के लिए एक संदेश है कि एक दिन कानून आपको पकड़ लेगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निर्भया के दोषियों को फांसी पर लटकाए जाने के बाद शुक्रवार को लोगों से अपील करते हुए कहा कि ‘प्रण लें कि निर्भया जैसा दूसरा मामला ना हो।’ केजरीवाल ने कहा, “सात साल बाद, निर्भया के दोषियों को फांसी दी गई। आज एक ऐसा दिन है, जब प्रण लेने की जरूरत है कि अब कोई दूसरी निर्भया न बनें। पुलिस, कोर्ट, राज्य सरकार, केंद्रीय सरकार-सभी यह मिलकर प्रण लें कि हम सिस्टम की खामियों को दूर करेंगे और किसी भी बेटी के साथ ऐसा नहीं होने देंगे।”

वहीं भारतीय जनता पार्टी के सांसद व पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी गौतम गंभीर ने कहा, “हेंग्ड टील डेथ! आखिरकार! हम जानते हैं कि हमने बहुत देरी कर है निर्भया। हैशटैगनिर्भयाजस्टिस।”

गौरतलब है कि निर्भया दुष्कर्म कांड दिसंबर 2012 में हुआ था और जनवरी 2013 में उसकी मौत हो गई थी।